
हमीरपुर में चार दिन से गायब था युवक, यमुना नदी में उतराता मिला शव, हत्या कर फेंकने की आशंका
Sat, 02 Apr 2022
हमीरपुर थाना क्षेत्र के भौली गांव से चार दिन से लापता युवक का शव भौली पंप कैनाल के पास यमुना नदी में उतराता मिला। मजदूरों ने शव को देखकर स्वजन को जानकारी दी। वहीं पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित ने घटनास्थल पहुंच जानकारी ली। मृतक के भाई ने हत्या की आशंका जताते हुए शुक्रवार को दो लोगों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था।
क्षेत्र के भौली गांव निवासी 24 वर्षीय प्रदीप उर्फ ज्वालादीन पुत्र स्व. सुमेरा यादव बीती 29 मार्च को शाम आठ बजे से घर लापता हो गया था। उसके बड़े भाई कामता प्रसाद ने थाने में तहरीर दी थी। 30 मार्च को पीडि़त की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद भाई कामता प्रसाद ने एक अप्रैल को दो लोगों को नामजद करते हुए उनके खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। शनिवार को प्रदीप का शव भौली पंप कैनाल के पास यमुना नदी में उतराता मिला। घटना की जानकारी गांव में फैलते ही लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित ने घटनास्थल पर जाकर मृतक के भाई कामता से जानकारी ली। बड़े भाई ने बताया कि वह खेती करता था। 29 मार्च को हमारी बकरियां खो गई थी। जिनको ढूंढऩे के लिए भाई रात आठ बजे घर से निकला था। तब से वह वापस घर नहीं लौटा। उसके मोबाइल फोन पर जब संपर्क किया गया तो उसने कहा कि वापस आ रहा हूं। कुछ लोगों की आवाजें भी सुनाई दे रही थी। वह भयभीत सा बोल रहा था। कामता ने बताया कि उस दिन मामा के लड़की की शादी के निमंत्रण पत्र बंटवाने गया था। बताया कि भौली ग्राम पंचायत के मजरा पटिया गांव में गया था। वही से लापता हो गया था। पीडि़त भाई की तहरीर पर पुलिस ने गांव के दो युवक मुनेश पुत्र रामविशाल, छुट्टन पुत्र गणेशा के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हत्या का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जल्द घटना का पर्दाफाश किया जाएगा। फारेंसिक टीम व डाग स्क्वाड टीम ने जांच में साक्ष्य जुटाए।
घटनास्थल पर मिले हत्या के संकेत
यमुना में उतराते शव को देकर प्रथम दृष्टया हत्या की संभावना जताई जा रही है। क्योंकि उसका गला बनियान से कसा हुआ प्रतीत हो रहा था। वहीं न तो उसका मोबाइल फोन मिला और न ही उसका पर्स। भाई कामता का कहना है कि उसके चार दांत टूटे हुए हैं तथा गले में निशान बने हैं। नाक में चोट लगी है तथा आंखें बाहर निकल आई थी। पुराना होने के कारण शव पूरी तरह फूल गया था।
