कानपुर के कराची खाना स्थित सेंट्रल बैंक आफ इंडिया की शाखा के दो लाकर से जेवरात चोरी होने के मामले में संदेह के घेरे में आए लाकर मैनेजर की लोकेशन प्रयागराज में मिली है। बीमारी का बहाना बनाकर अवकाश पर गया प्रबंधक अब फरार है।
एफआइआर को रद करने और अग्रिम जमानत के लिए अदालती कार्रवाई शुरू करने की वजह से भी पुलिस उसे संदेह की नजरों से देख रही है। पुलिस इस मामले में सोमवार को बैंक शाखा प्रबंधक से भी पूछताछ कर सकती है।
सेंट्रल बैंक आफ इंडिया की कराचीखाना शाखा के दो लाकरों से अलग-अलग समय में करीब 50 लाख रुपये का सोना चोरी हो गया था। दोनों मामलों में लाकर धारकों की ओर से बैंक प्रबंधन को आरोपित बनाकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। एक ओर जहां फारेंसिक जांच में लाकर में छेड़छाड़ के साक्ष्य मिले हैं, वहीं दूसरी ओर बैंक का लाकर मैनेजर शुभम मालवीय सर्वाधिक संदेह की श्रेणी में है। पहला मुकदमा दर्ज होने के बाद से वह बैंक शाखा नहीं आया है। पहले उसने बीमारी का बहाना बनाकर अवकाश लिया और अब उसका कोई अतापता नहीं है।
डीसीपी पूर्वी प्रमोद कुमार ने बताया कि जिस तरह से बीमारी के बाद शुभम गायब है, उससे शक गहरा गया है। एक ओर जहां शुभम ने अग्रिम जमानत के लिए अदालत में गुहार लगाई है, वहीं उसकेबहनोई की ओर से रिपोर्ट क्वैश करने के लिए भी याचिका डाली गई है। शुभम कानपुर में एल्डिको गार्डन में रहता था, लेकिन अब उसके कमरे में ताला लगा है। शुभम की लोकेशन प्रयागराज में मिली है। वह वहीं का मूल निवासी है। उसके पिता का नाम ब्रजनंदन मालवीय है। प्रयागराज में वह कहां रहता है, इसकी जानकारी सोमवार को बैंक शाखा खुलने के बाद ही मिलेगी। पुलिस सोमवार को बैंक शाखा प्रबंधक से भी पूछताछ करेगी।
