कानपुर की सेंट्रल बैंक का चौथा लाकर भी मिला खाली

कानपुर की सेंट्रल बैंक का चौथा लाकर भी मिला खाली, 25 लाख के जेवर गायब, बैंक परिसर में हंगामा
Tue, 05 Apr 2022
कानपुर सेंट्रल बैंक आफ इंडिया की कराचीखाना शाखा में मंगल वार को एक और लाकर से जेवर गायब मिले हैं। लाकर धारक ने जब लाकर को खोला तो उसमें करीब 25 लाख की ज्वैलरी नहीं थी। लाकर से जेवर न मिलने के बाद लाकर धारक के होश उड़ गए और बैंक परिसर में हंगामा हुआ। इससे पहले सोमवार को भी एक मामला सामने अाया था जिसमें 30 लाख के जेवर चोरी हुए थे।

मंगलवार को बैंक पहुंचे एक और खाता धारक पंकज गुप्ता और उनकी पत्नी निधि गुप्ता ने अपना लाकर खोला तो जेवर गायब मिले। उन्हाेंने बताया कि लाकर में लगभग 25 लाख की ज्वैलरी थी। जनरलगंज निवासी किराना कारोबारी पंकज गुप्ता इससे पहले सोमवार को पहुंचे थे जहां उनका लाकर नहीं खुला था। उन्होंने अपना लाकर तोड़ने के लिए कहा, मगर बैंक प्रबंधन ने बिना लाकर निर्माता कंपनी के अनुमति के लाकर तोड़ने से मना कर दिया था। पंकज को मंगलवार की सुबह साढ़े दस बजे बुलाया गया था।

4 मार्च को पहला मामला सामने आया था, जिसमें श्यामनगर निवासी मंजू भट्टाचार्य के 30 लाख रुपये के जेवर हो गए थे। 28 मार्च को दूसरा मामला सामने आया, जिसमें बिरहाना रोड निवासी सीमा गुप्ता पत्नी शिवशंकर गुप्ता ने 20 लाख रुपये के जेवर चोरी होने का मुकदमा दर्ज कराया गया था।

सोमवार को रानीघाट निवासी शकुंतला देवी बैंक में स्थित अपने लाकर को खोलने पहुंची। शकुंतला देवी के पति देवकी नंदन पोद्दार की साइकिल मार्केट में कोलकाता एजेंसी के नाम से दुकान है, जबकि बेटा एस के पोद्दार चार्टड अकाउंटेंट हैं। शकुंतला देवी के मुताबिक जब उन्होंने लाकर खोलना चाहा तो उनकी चाभी नहीं लगी। इसके बाद उन्होंने डायल 112 को फोन करके घटना की जानकारी दी। चूंकि पहले दो मामले सामने आ चुके थे, इसलिए इस घटना को पुलिस ने गंभीरता के साथ लिया गया। सेंट्रल बैंक में लाकर गोदरेज कंपनी के हैं। कंपनी को सूचना दी गई। कंपनी ने लाकर तोड़ने के लिए कारीगर भेजे। लाकर खोलकर देखा गया तो उसमें से जेवर गायब थे। शकुंतला देवी ने पुलिस को जो तहरीर दी है, उसमें बैंक लाकर में 30 लाख रुपये के जेवर होने का दावा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *