औरैया खनन मामले की जांच में जुटी विजिलेंस

औरैया खनन मामले की जांच में जुटी विजिलेंस, कई ठिकानों पर छापेमारी, कई दस्तावेज ले गई साथ
Tue, 05 Apr 2022
औरैया में भ्रष्टाचार और काम में लापरवाही बरतने के साथ पद का दुरुपयोग किए जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के निर्देश पर शासन ने सोमवार को जिलाधिकारी सुनील कुमार वर्मा को निलंबित कर दिया था। मिलीं शिकायतों व कार्यकाल के दौरान कुछ लोगों को फायदा पहुंचाए जाने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अब पूरा चिट्ठा खोलने में सरकार ने जांच शुरू कराई है। इस कड़ी में विजिलेंस की तीन सदस्यीय टीम ने मंगलवार को अयाना व मुरादगंज क्षेत्र में खनन के कारोबार से जुड़े दो लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की। हाथ लगे दस्तावेजों को टीम साथ ले गई।

विजिलेंस की टीम ने सबसे पहले छापेमारी अयाना में हरि नारायन तिवारी के घर पर मारी। सुबह तकरीबन साढ़े छह बजे सर्वे शुरू हुआ। ढाई घंटे तक पूछताछ हुई। इसके बाद खेत व प्लाट के बैनामे जांचते हुए बीझलपुर बालूघाट के रजिस्ट्रेशन व सेल्स टैक्स से जुड़े दस्तावेजों को जांचा गया। पार्टनर शिप में मिले कारोबार पर नजर गड़ाते हुए पांडेय एंड पांडेय ब्रदर्स नाम की फर्म की जानकारी करते हुए कुछ वाहनों के कागजात टीम ने जब्त कर लिया। इसके बाद सुबह 9.20 बजे बीझलपुर बालूघाट पर पहुंची। जांच अधिकारी में निरीक्षक अभिमन्यु यादव, सीओ देव प्रताप ङ्क्षसह, विनोद कुमार त्रिपाठी साथ है। जांच अधिकारियों के मुताबिक बीझलपुर खनन पट्टे से जुड़े दस्तावेजों को जांचा गया है। इसके बाद टीम ने सपा नेता श्रीधर पांडेय के भाई सुरेश पांडे उर्फ छोटे के ठिकानों पर छापेमारी की गई।

अधिकारियों ने बताया कि सुरेश व हरि नारायन दोनों ही पार्टनर है। जो कि खनन से जुड़े हैं। जांच के लिए जुटाए गए कागजों का सत्यापन करते हुए रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। गेस्ट हाउस, आवास व रायल्टी कार्यालय समेत अन्य सभी ठिकानों की पड़ताल की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *