हरदोई में छात्रा की हत्या कर शव तालाब किनारे फेंका, जांच में जुटी पुलिस
Tue, 05 Apr 2022
हरदोई जिलेमें मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के मल्लाहन पुरवा गांव में एक 10वीं की छात्रा की हत्या कर शव गांव के तालाब किनारे फेंक दिया गया। मंगलवार सुबह छात्रा का शव मिला। इसके साथ ही पास स्थित एक खंडहर मकान में खून के धब्बे व मृतका का बाला मिला है। मृतका के पिता ने गांव के ही एक युवक पर बेटी की हत्या का आरोप लगा मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। गांव मगरहा के मजरा मल्लाहनपुरवा निवासी शिल्पी (16) पुत्री रामलाल 10वीं की छात्रा थी। सोमवार रात रामलाल अपने बेटे को साथ लेकर तरबूज की फसल की रखवाली करने कटरी चले गए थे। घर पर मां कांती देवी और दादी दलाना थीं।
मंगलवार सुबह परिजन जब उठे तो देखा कि शिल्पी नहीं थी। इसी बीच दादी बकरी बांधने घर से करीब 50 मीटर दूर स्थित तालाब किनारे गईं। जहां पर शिल्पी का खून से लथपथ शव पड़ा था। घटना की सूचना पर रामलाल बेटे के साथ मौके पर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी।
एसओ सुनील कुमार और एएसपी अनिल कुमार फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस को जांच के दौरान घटना स्थल से कुछ दूरी पर स्थित एक खंडहर घर के बरामदे में खून के धब्बे और शिल्पी का बाला पड़ा मिला। ऐसी आशंका है कि शिल्पी रात से ही घर से लापता हुई थी।
पूछताछ में मृतका के पिता रामलाल ने गांव के ही राजू पर बेटी की हत्या कर शव तालाब किनारे फेंकने का आरोप लगाया। उसका कहना कि राजू उसकी बेटी पर गलत नजर रखता था। उसी ने किसी तरह से बेटी को बुलाकर हत्या की है। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी राजू के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल सुनील सिंह ने बताया कि आरोपी फरार है उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
खुलासे में लगी तीन टीमें
किशोरी की हत्या कर शव तालाब के किनारे फेंके जाने से इलाके में सनसनी है। एएसपी ने बताया कि घटना में गांव के युवक का नाम आया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। खुलासे के लिए तीन टीमें लगी हैं। आरोपी की गिरफ्तारी होने के बाद ही घटना की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।
पहले भी बेटी के साथ आरोपी ने की थी मारपीट
पिता रामलाल ने बताया कि घटना की रात वह पुत्र के साथ तरबूज के खेत की रखवाली करने गया था। इस दौरान आरोपी बेटी को घर से उठाकर बंद पड़े मकान में ले गया। जहां पर आरोपी ने बेरहमी से बेटी की हत्या कर दी। घटना को अंजाम देकर आरोपी ने शव तालाब के किनारे फेंक दिया। बताया कि आरोपी इससे पहले भी कई बार उसकी बेटी से मारपीट कर चुका था। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
