खरीद के छह दिन बाद भी विभाग को बोहनी का इंतजार

कानपुर देहात में रबी विपणन वर्ष 2022-23 में गेहूं खरीद शुरू हुए छह दिन का समय बीत गया है, लेकिन अब तक केंद्रों में बिक्री के लिए किसान नहीं पहुंचे हैं। छह दिन बाद भी किसी किसान की खरीद न होने से अब विभाग की ओर से फोन पर संदेश भेजा जा रहा है, जिसके माध्यम से उन्हें गेहूं बिक्री के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

जिले में गेहूं खरीद के लिए 57 केंद्र बनाए गए हैं। वहीं शासन की ओर से इस बार 55 हजार मीट्रिक टन गेहूं खरीद का लक्ष्य तय किया गया है। एक अप्रैल से खरीद शुरू हो गई है, लेकिन इसके बाद भी तमाम केंद्रों पर अव्यवस्थाएं हावी हैं। कहीं बारदाना नहीं पहुंचा है तो कहीं रिकार्ड ही नहीं है। विभागीय अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान केंद्रों पर खामियां मिलने पर प्रभारियों को नोटिस भी दिया गया है। छह दिन बीतने के बाद भी केंद्रों में अब तक बोहनी नहीं हो सकी है। अब विभाग ने किसानों को गेहूं बिक्री के लिए फोन पर संदेश देना शुरू किया है। गेहूं बिक्री के लिए अब तक 736 किसानों ने पंजीयन कराया है। इसके सापेक्ष 401 किसानों का सत्यापन विभाग की ओर से कर दिया गया है। वहीं केंद्र तक किसानों के न आने के कारण विभाग गेहूं की देरी से हो रही कटाई को मान रहा है। विभागीय अधिकारियों को मानना है कि अभी 5-10 फीसद किसानों ने ही गेहूं की कटाई शुरू की है, जिससे खरीद नहीं हो पा रही है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अभी किसी भी केंद्र में खरीद नहीं हो सकी है। वहीं कुछ केंद्रों में अव्यवस्था मिली है, जिस पर प्रभारियों को चेतावनी जारी कर व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *