स्वप्न मे आकर देवी ने काली बाड़ी मंदिर की स्थापना का दिया था संदेश

स्वप्न मे आकर देवी ने काली बाड़ी मंदिर की स्थापना का दिया था संदेश, कानपुर के इस मंदिर में पूरी होती हैं भक्तों की मनोकामना
Thu, 07 Apr 2022
कानपुर में लालबंगला के हरजेंदर नगर स्थित कालीबाड़ी मंदिर में मां काली करुणामयी स्वरूप में विराजमान हैं। नवरात्र के दिनों में यहां मां के विशेष पूजन अर्चन को भक्त बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। मान्यता है कि मां को श्रद्धाभाव से अर्पित किया गया पुष्प भक्तों की कामना की पूर्ति करता है। देवी मां का शृंगार बंगाल में होने वाले देवी पूजन की तर्ज पर किया जाता है।

इतिहास

वर्ष 1964 में निर्मित कोलकाता के प्राचीन एवं ऐतिहासिक मां
दक्षिणेश्वर काली मां के दरबार की तरह ही चकेरी में कालीबाड़ी मंदिर की स्थापना हुई। मान्यता है कि उस समय बंगाली समाज के बुजुर्गों को मां भगवती ने स्वप्न देकर मंदिर स्थापना का संकेत भेजा था। यहां मां की प्रतिमा राजस्थान के किशनगढ़ से विशेष कोष्ठी पत्थर से बनाई गई है।

यह है मान्यता

मंदिर कमेटी के संयुक्त सचिव दीपांकर भट्टाचार्य बताते हैं कि भक्तों को हर बार मां के तेजोमय स्वरूप के दर्शन होते हैं। मां के चेहरे पर एक तेज नजर आता है, जिसके चलते हर बार उनका नया स्वरूप नजर आता है।

ऐसे पहुंचें मंदिर

शहर व आस-पास के जिलों से आने वाले भक्त रामादेवी चौराहे पहुंचें। यहां से कुछ दूरी पर लाल बंगला मुख्य मार्ग पर मां का दरबार स्थित है। लखनऊ, उन्नाव, फतेहपुर, प्रयागराज, इटावा और औरैया से आने वाले भक्त चौराहे से होकर मंदिर पहुंचते हैं।

मां करुणामयी सभी मनोरथ पूर्ण करती हैं। मंदिर में बिखरी बंगाली छटा भक्तों के आकर्षण का केंद्र होती है। मंदिर को भव्य स्वरूप दिया जाता है।

– तरुण चौधरी, सचिव।

मां को खीर व विशेष प्रकार के पकवानों का भोग अर्पित किया जाता है। भक्त मां के दर्शन कर बड़ी संख्या में प्रसाद ग्रहण करते हैं।
– श्रीमंतो सरकार, उपाध्यक्ष।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *