नवरात्र में वैसे तो देश के कोने-कोने में लोग मंदिरों से लेकर घरों में कन्या पूजन करते हैं लेकिन कानपुर के एक थानेदार ने जिस तरह कन्या पूजन किया वैसा शायद ही किसी ने किया होगा. इस थानेदार ने अष्टमी के दिन एक रेप पीड़ित दस साल की बच्ची के घर जाकर उसको कपड़े ही नहीं भेट किए बल्कि अपने हाथों से उसको चप्पल पहनाई. इसके साथ उन्होंने बच्ची से उसके पेट का ऑपरेशन कराने का भी वादा किया.
थानेदार के इस कदम की अब हर तरफ चर्चा हो रही है. यह मामला कानपुर के ककवन इलाके के एक गांव है. जब ककवन थानेदार कौशलेंद्र सिंह अपनी महिला सिपाहियों के साथ रेप पीड़िता बच्ची के घर पहुंचे. उन्होंने इस बच्ची को नए कपड़े भेंट किए और अपने हाथों से उसे नई चप्पलें भी पहनाईं. साथ ही थानेदार कौशलेंद्र ने पीड़ित बच्ची की मां को यह आश्वासन दिया कि वह उनकी बेटी की पेट की समस्या का इलाज करा देंगे.
कानपुर के ककवन इलाके में इस बच्ची के साथ गांव के ही कुलदीप नाम के शख्स ने घर में घुस कर उससे रेप किया था इतना ही नहीं कुलदीप ने बच्ची पर जानलेवा हमला भी किया था जिसमें उसके पेट की आंते फट गई थी. पुलिस ने आरोपी कुलदीप को जेल भेज दिया. वह अभी तक जेल में हैं।
2022-04-11
