ऐसा लगता है कि इस बार अप्रैल में गर्मी पिछले सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर देगी. सोमवार को पारा और उछलकर 42.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. वहीं, इस सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान भी 20 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा पहुंच गया.न्यूनतम तापमान बढ़ने का मतलब है कि अब गर्मी का कहर रात में भी दिखाई देगा. सीएसए के मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. यह सामान्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा. वहीं, न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 21.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. यह भी सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा.
तपती दोपहर में सूखे हलक
गर्मी का आलम ऐसा है कि सुबह 11 बजे के बाद से सूयदेव आसमान से आग बरसा रहे हैं. इसकी वजह से दोपहिया वाहनों पर चलने वाले राहगीर सबसे ज्यादा परेशान हैं. गर्म हवाओं के थपेड़े चेहरे को झुलसाने को बेताब दिखे. सोमवार होने की वजह से कई सडकों पर जब जाम लगा तो चिलचिलाती धूप में राहगीर पसीने से तरबतर हो गए. हालत ऐसी है कि तपती दुपहरी राहगीरों के कुछ पलों में ही हलक सुखा दे रही है.
भीषण गर्मी को देखते हुए कक्षा एक से नीचे तक के स्कूलों का समय बदल दिया गया है. बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. पवन कुमार तिवारी के मुताबिक, गर्मी को देखते हुए कक्षा एक से नीचे के स्कूल अब सुबह 7 बजकर 30 मिनट से 10 बजकर 30 मिनट तक संचालित होंगे l
2022-04-11
