पुलिस के रडार पर मुख्तार अंसारी के कारखास

पुलिस के रडार पर मुख्तार अंसारी के कारखास, पेशी की खबर लीक होने पर किया चिह्नित
Mon, 11 Apr 2022
पूर्वांचल के माफिया मुख्तार अंसारी के बांदा में रहने वाले करीबी लोग पुलिस के राडार पर हैं। पेशी पर जाने की बात लीक होने के बाद पुलिस ने कुछ लोगों को चिह्नित किया है। पता चला है कि यही लोग माफिया के स्वजन से मिलने पूर्व में मऊ गए थे। यही पल-पल की खबरें माफिया के स्वजन तक पहुंचा रहे हैं।

मुख्तार को पिछले वर्ष छह अप्रैल को पंजाब की रूपनगर जेल से बांदा भेजा गया था। तबसे वह मंडल कारागार में बंद है। उसके यहां आने के बाद से जेल की सुरक्षा व्यवस्था हाईटेक की गई है। पीएसी से लेकर बंदीरक्षकों की स्पेशल ड्यूटी सुरक्षा में लगाई जाती है। प्रतिमाह गैर जनपद के बंदीरक्षक बदले जाते हैं।

सीसीटीवी कैमरे व बाडीवार्न कैमरों से निगरानी हो रही है। मुख्तार से जुड़ी खास बातों को गोपनीय रखा जाता है लेकिन 28 मार्च को मुख्तार को लखनऊ पेशी पर जाना था। इसके पहले बांदा से यह बात लीक हो गई थी। मुख्तार के मऊ से विधायक पुत्र अब्बास ने ट्वीट कर अनहोनी की आशंका जाहिर की थी। खबर लीक होने पर अधिकारियों के कान खड़े हो गए थे। पुलिस ने जांच की तो कुछ ऐसे लोगों के नाम सामने आए, जो मुख्तार के काफी करीबी बने हैं। मददगार के रूप में वह मऊ जाकर मुख्तार के स्वजन व खास लोगों से भी मिल चुके हैं। उनके कारखास बनकर मदद करते हैं। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ऐसे लोगों पर नजर रख रही है। एएसपी लक्ष्मी निवासी मिश्र ने बताया कि जांच के कोई आदेश नहीं मिले हैं। लेकिन ऐसे लोगों का पता कर नजर रखी जा रही है।

डीआइजी जेल ने डीजी को सौंपी जांच

मुख्तार की पेशी की बात लीक होने के मामले को डीजी जेल आनंद कुमार ने भी संज्ञान लिया था। जांच डीआइजी संजीव त्रिपाठी को सौंपी थी। डीआइजी ने सप्ताह भर पहले बांदा जेल आकर जेल के अधिकारी व कर्मियों के अलग-अलग बयान लिए थे। उन्होंने बयानों की रिपोर्ट डीजी को सौंपी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *