सिकंदरा के अमराहट थाना क्षेत्र के महटौली कस्बे में हाईवे किनारे मकान में घुसे चोरों ने देररात दंपती को नशीला पदार्थ सुंघा दिया। इसके बाद नकदी व जेवरात समेत कुल 4.50 लाख का माल पार कर ले गए। पुलिस पहुंची और जांच पड़ताल की।
जनपद औरैया के गाजीपुर गांव निवासी दवा व्यापारी संदीप कुमार हाल ही में महटौली कस्बे में नेशनल हाईवे रोड के किनारे मकान बनाकर परिवार सहित रहते हैं। रविवार रात को वह घर की छत पर पत्नी नीतू व बच्चों के साथ सो रहे थे। देररात चोर बगल से दीवार के सहारे छत पर आ गए। उन्हें सोते समय नशीला पदार्थ सुंघा दिया। इसके बाद जीने व आंगन के सहारे घर में घुस गए। दवा खरीदने के लिए रखे 1.30 लाख नकद समेत सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। कुल चोरी गए माल की कीमत करीब 4.50 लाख रुपये का अनुमान है। सोमवार सुब वह सोकर उठे तो सिर चकरा रहा था और दर्द भी हो रहा था। नीचे गए तो अलमारी खुली व कपड़ा बिखरा देख होश उड़ गए। उन्होंने बताया कि रोजाना जल्दी सुबह सभी उठते हैं, लेकिन आज देर से उठे। सिर भी चकरा रहा। आशंका है कि नशीला पदार्थ चोरों ने सुंघा दिया, जिससे नींद न खुले और आराम से चोरी कर सके। पुलिस पहुंची और पूछताछ के साथ ही जांच की। सीओ सिकंदरा रविकांत गौड़ ने बताया कि जांच की जा रही है।
