ईयर फोन लगाकर रेलवे ट्रैक पर महिला कर रही थी बात, ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत
Tue, 12 Apr 2022
औरैया में मंगलवार की अपराह्न अछल्दा रेलवे स्टेशन पर ईयर फोन से मोबाइल फोन पर बात करते समय एक महिला नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस की चपेट में आ गई। हादसे में उसकी मौत हो गई। लोको पायलट ने ट्रेन राेकते हुए गार्ड को सूचना देकर कंट्रोल रूम को जानकारी मुहैया कराई।
जीआरपी के पहुंचने पर ट्रैक से क्षतविक्षत शव को हटाते हुए ट्रेन गंतव्य को रवाना की गई। प्रथम दृष्टता में मामला खुदकुशी से जोड़कर देखा जा रहा है। शिनाख्त होने पर स्वजन को घटना बताई गई। वह रोते- बिलखते प्लेटफार्म पर पहुंचे। इसके बाद पंचनामा भरवा शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
अछल्दा थाना क्षेत्र के गांव पूर्वाथना निवासी विनोद कुमार की पुत्री प्राची उर्फ पूजा यादव की शादी 28 नवंबर 2020 को जनपद इटावा के कोतवाली भरथना क्षेत्र के गांव नगला जादौन वेवहा निवासी मोहित कुमार पुत्र राम किशोर यादव के साथ हुई थी। प्राची का पति आठ अप्रैल को उसे मायका में आयोजित मूलशांति कार्यक्रम में लेकर आया था। नौ अप्रैल को लौट गया था। मंगलवार को प्राची अछल्दा स्टेशन पर पहुंची थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह प्लेटफार्म नंबर दो पर इधर से उधर टहलते हुए ईयरफोन से मोबाइल फोन पर किसी से बात कर रही थी। इसी दौरान इटावा से कानपुर की ओर आ रही नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस (12506) को आता देख वह ट्रैक किनारे आ गई। लोको पायलट ने हार्न देना शुरू किया लेकिन ईयरफोन लगा होने से वह सुन नहीं सकी और ट्रेन की चपेट में आ गई। जिस कारण उसकी मौत हो गई। स्टेशन अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि हादसे की जानकारी फफूंद जीआरपी व आरपीएफ को दी गई। शव की शिनाख्त होने पर स्वजन को सूचना दी गई। इस मामले में जांच कर रही
राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) का कहना है कि मामला खुदकुशी का लग रहा है। फिलहाल, स्वजन की ओर से अभी कुछ स्पष्ट नहीं किया जा सका है। मोबाइल फोन कब्जे में लिया गया है। महिला फोन पर किससे बात कर रही थी, यह जांच का विषय है।
