हमीरपुर में गैस सिलेंडर फटने से तीन ग्रहस्तियां खाक, एसडीएम ने मुआवजा दिलाने का दिया आश्वासन
Tue, 12 Apr 2022
हमीरपुर की राठ कोतवाली के सैदपुर गांव में तीन घरों में आग लगने से जेवर सहित लाखों सामान जलकर खाक हो गया। सैदपुर गांव निवासी खेमचंद्र ने बताया कि सोमवार शाम गांव के एक परिवार में कुआ पूजन का कार्य क्रम था। जिसमें उनके मोहल्ले के सभी लोग शामिल होने गए थे। रात करीब 11 बजे पास में स्थित घूरे से निकली चिंगारी से उनके मकान में आग लग गई। कुछ देर में ही आग ने पड़ोसी जयपाल व जागेश्वर के मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। जागेश्वर के घर में रखा गैस सिलिंडर आग की चपेट में आकर जोरदार आवाज के साथ फट गया। जिसके बाद आग ने और विकराल रूप धारण कर लिया।
मकानों से निकलतीं आग की लपटें देख ग्रामीणों में अफरा तफरी मच गई। ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड टीम को सूचना दी। लेकिन वह समय से नहीं पहुंचे। ग्रामीणों ने एकजुट होकर तीन घंटे में आग बुझाई। तब तक तीनों घरों में रखा सारा सामान जलकर खाक हो चुका था। खेमचंद्र ने बताया कि घर ग्रहस्थी के साथ ही सोने चांदी के जेवर जलने से करीब छह लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इसी प्रकार जागेश्वर का करीब चार लाख का नुकसान हुआ। जयपाल के पचास हजार रुपये नगद सहित एक लाख का नुकसान हुआ है।
सूचना पर पहुंचे एसडीएम राजेश कुमार मिश्रा ने कोटेदार से पीड़ित स्वजन को राशन देने के निर्देश दिए। वहीं विधायक प्रतिनिधि भरत अनुरागी, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि अमरचंद्र अनुरागी ने सरकार ने मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन दिया है।
