चोर बैंक ऑफ इंडिया… का पोस्टर बोर्ड पर चिपकाया, रीजनल आफिस में लाकर चोरी न्याय संघर्ष समिति का प्रदर्शन
Wed, 13 Apr 2022
कानपुर सेंट्रल बैंक आफ इंडिया की कराची खाना शाखा से अब तक 11 लाकरों से करीब पौने चार करोड़ के जेवर चोरी को लेकर ग्राहकों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। रोजाना एक या दो लाकर खाली निकल रहे हैं, ग्राहकों की गाढ़ी कमाई पर डाका डालने वाले आरोपित बैंक मैनेजर और लाकर मैनेजर समेत पांच लोग भले ही जेल भेजे जा चुके हैं लेकिन रोष अभी कम नहीं हो रहा है। बीते कई दिनों से बैंक में हंगामे की स्थिति बन रही है, वहीं बुधवार को तो तब हद हो गई जब प्रदर्शन करने वालों ने बोर्ड के ऊपर चोर बैंक आफ इंडिया का पोस्टर चिपका दिया। इस दौरान बैंक के गार्ड से प्रदर्शन करने वालों के बीच तीखी झडप भी हुई।
सेंट्रल बैंक आफ इंडिया की कराचीखाना शाखा में मंगलवार को एक और लाकर से 22 लाख रुपये के जेवर गायब मिलने के बाद कुल 11 मामले हो चुके हैं। अबतक लाकरों से 3.72 करोड़ रुपये के जेवर चोरी हो चुके हैं। पुलिस ने घटना के मास्टर माइंड लाकर मैनेजर शुभम मालवीय और बैंक मैनेजर समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है। हालांकि अभी तक पुलिस सभी लाकरों के जेवर बरामद नहीं कर सकी है, पूछताछ के बाद जेवर खरीदने वाले सराफा कारोबारियों की तलाश की जा रही है। बीते मंगलवार को भी एक और घटना सामने आने के बाद बैंक अफसरों ने पल्ला झाड़ लिया और पुलिस में शिकायत करने में बैंक कर्मचारी ने पीड़ित का सहयोग नहीं किया।
बोर्ड पर चिपकाया पोस्टर :
मंगलवार को प्रदर्शन के बाद पीड़ितों ने बुधवार की सुबह सेंट्रल बैंक आफ इंडिया के रीजनल कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। मामले में लाकर चोरी सघंर्ष समिति बनाकर विरोध जताया जा रहा है। बुधवार को प्रदर्शन करने वालों ने बैंक के नाम के बोर्ड के ऊपर चोर बैंक ऑफ इंडिया का पोस्टर लगा दिया। मुख्य बोर्ड पर इस पोस्टर को चिपकाने के बाद पीड़ितों ने जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि बैंक ने लोगों के विश्वास को तोड़ा है और जो जेवर उन्होंने अपनी बेटी की शादी या बेटे का भविष्य बनाने के लिए बैंक के लॉकर में रखे थे। उन्हें गायब कर दिया गया है। बैंक के मुख्य द्वार के ठीक सामने पीड़ितों को बैंक ने वहां से हटने के लिए कहा तो उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गार्ड से कहा कि वह वहां से हट जाएं वरना पीड़ितों के गुस्से का शिकार हो सकते हैं। बैंक में कोई बड़ा अधिकारी ना होने की वजह से पीड़ितों की किसी से बात नहीं हो पा रही थी। इस पर उन्होंने कहा कि जब तक कोई बड़ा अधिकारी आकर बात नहीं करेगा। वहां से नहीं जाएंगे। पीड़ितों में मीना यादव निर्मला तहलियानी आदि शामिल रहे।
संघर्ष समिति ने सीएमडी का पुतला फूंका :
लाकर चोरी न्याय संघर्ष समिति ने मंगलवार को संयोजक व व्यापारी नेता अभिमन्यु गुप्ता व वैश्य महासंगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सिद्धार्थ काशीवार के नेतृत्व में बैंक के बाहर प्रदर्शन किया था। इसके साथ ही बैंक के सीएमडी एमवी राय का पुतला फूंका। मामले की सीबीआइ जांच की मांग की। पीड़ित निर्मला तहल्यानी, मीना यादव, सुशीला शर्मा, महेंद्र सविता, पंकज गुप्ता, अमिता गुप्ता के साथ ही संगठन के पवन गुप्ता, गुरु प्रसाद गुप्ता, दीपक गुप्ता, मनोज चौरसिया मौजूद रहे थे।
