दरिंदगी नहीं कर सका तो भतीजी की कुल्हाड़ी से काटकर की हत्या, फतेहपुर की यह घटना कर देगी शर्मसार
Fri, 15 Apr 2022
फतेहपुर में गाजीपुर थाने के एक गांव में गुरुवार देर रात शराब के नशे में धुत चाचा ने दरिदंगी की सारी हदें पार कर दी। नशेड़ी अपनी भतीजी के कमरे में जा घुसा और चारपाई पर सो रही किशोरी के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। चीख पुकार कर किशोरी ने विरोध किया तो सिर व हाथ पर कुल्हाड़ी से प्रहार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। आहट सुन कर आए पड़ोसियों ने नशेड़ी को धर दबोचा और उसकी धुनाई कर दी। सनसनीखेज हत्याकांड की खबर मिलते ही पुलिस ने हत्यारोपित को कुल्हाड़ी के साथ गिरफ्तार कर उस पर मुकदमा दर्ज किया है।
एक गांव निवासी 14 वर्षीय किशोरी अपनी बुआ के यहां रहती थी। अभी कुछ दिन पहले ही अपनी वृद्ध मां के पास घूमने आई थी। गुरुवार रात 11 बजे के करीब वह कमरे में चारपाई पर सो रही थी। तभी उसका चाचा शराब के नशे में घर पर घुस आया और सो रही भतीजी से दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। भतीजी के विरोध करने पर पास में ही रखी कुल्हाड़ी उठाकर उस पर प्रहार कर दिया जिससे भतीजी की मौत हो गई।
थाना प्रभारी संगमलाल प्रजापति ने बताया कि छानबीन में स्पष्ट हुआ है कि नशेड़ी चाचा गलत नियत से घर में घुसकर भतीजी से गलत हरकत कर रहा था। विरोध करने पर नशेड़ी ने अपनी भतीजी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। नशेड़ी को गिरफ्तार कर उस पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
