खेत में फसल की रखवाली करने गये वृद्ध की हत्या, मंदिर में लहूलुहान मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
Fri, 15 Apr 2022
फर्रुखाबाद में मक्का फसल की रख वाली के लिए मंदिर पर सो रहे वृद्ध की गुरुवार रात सिर में धारदार हथियार से चोट पहुंचाकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह जब लोग मंदिर गए तो घटना की जानकारी हुई। सूचना घर आते ही स्वजनन भी मौके पर पहुंचे और महिलाएं बिलखने लगीं। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच की। साक्ष्य जुटाने के लिए फारेंसिक टीम व डाग स्क्वाड को भी बुलाया गया। कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
थाना मेरापुर क्षेत्र के गांव नौगांव निवासी 75 वर्षीय छविनाथ सिंह शाक्य का खेत गांव से 50 कदम की दूरी पर है। खेत के एक किनारे पर गमा देवी मंदिर है। फसल को बेसहारा मवेशियों से बचाने के लिए खेते के पास छविनाथ सिंह मंदिर पर ही चारपाई डालकर रात में सोते थे। शुक्रवार सुबह वह काफी देर तक घर नहीं आए तो उनका पुत्र पवन शाक्य उनकी तलाश करने पहुंचा तो वहां चारपाई पर अपने पिता को मृत पड़ा देखा तो उसकी चीख निकल गई। उसने शोर मचाते हुए घटना की जानकारी स्वजन व अन्य ग्रामीणों को दी तो मौके पर भीड़ जमा हो गई।
गांव के चौकीदार अवधेश ने घटना की जानकारी थाने पर दी तो थानाध्यक्ष जगदीश वर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को पलटकर देखा तो छवि नाथ सिंह के सिर में किसी धार दार हथियार से चोट के निशान पाए गए। कुछ देर बाद क्षेत्राधि कारी कायमगंज सोहराब आलम भी घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने स्वजनों व अन्य ग्रामीणों से पूछताछ की। जिला मुख्यालय से फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट व डाग स्क्वाड को भी बुला लिया। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। डाक स्क्वाड आस्कर घटनास्थल से खेतों में घूमता रहा, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका। स्वजन ने बताया कि छविनाथ सिंह के पांच पुत्र हैं। सीओ ने बताया कि पोस्ट मार्टम रिपोर्ट व साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। कई बिंदुओं पर जांच हो रही है।
