सीएसए के फसल प्रक्षेत्र में लगी आग, डेढ़ बीघा फसल खाक

कानपुर में दलहन अनुसंधान संस्थान के पिछले हिस्से में चंद्र शेखर आजाद (सीएसए) कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के फसल प्रक्षेत्र में शुक्रवार दोपहर आग लग गई। करीब डेढ़ बीघा अरहर की फसल जलकर राख हो गई। लोगों की सूचना पर पहुंची दमकल टीमों ने पानी की बौछार करके आग पर काबू पाया। इस दौरान सीएसए विवि के जिम्मेदार अधिकारी व कर्मचारी नदारद रहे।

इलाके के लोगों ने बताया कि किसी ने कालोनी की दीवार के पास ही जलती हुई बीड़ी या सिगरेट फेंक दी होगी, जिससे आग भड़क गई। लपटों ने पूरी फसल को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। धुआं उठता देख लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इसके बाद दमकल गाड़ियां पहुंचीं। जवानों ने खेत में अंदर जाकर करीब एक घंटे तक पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। इस दौरान लोगों ने फसल प्रक्षेप की देखभाल करने वाले कर्मचारियों को फोन किया, लेकिन कोई नहीं पहुंचा।

शाम को विवि के निदेशक बीज एवं प्रक्षेत्र डा. रामाशीष यादव और प्रक्षेत्र के बीज उत्पादन अधिकारी डा. सीपी सचान टीम के साथ मौके पर पहुंचे। निदेशक ने बताया कि आग बुझाई जा चुकी है। विवि प्रक्षेत्र के जिस स्थान पर आग लगी है, वहां अरहर के बीजों का उत्पादन करने के साथ ही ब्रीडर प्रोग्राम चलाया जा रहा है। नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट उच्चाधि कारियों को दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *