राष्ट्र के लिये पार्टी छोड़ी है परिवार नहीं

राष्ट्र के लिये पार्टी छोड़ी है परिवार नहीं, भाजपा राज में महिलाएं सुरक्षित, विपक्षियों को उनकी भाषा में मिलेगा जवाब
Fri, 15 Apr 2022
अपर्णा बोलीं भाजपा में भरपूर सम्मान मिला और नीतियां भी जनहित की है। भाजपा में हर वर्ग का सम्मान है और महिलाएं भी सुरक्षित हैं।

शुक्रवार को लखनऊ से औरैया के बिधूना में निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भाजपा की अपर्णा यादव जा रही थी। आगरा -लखनऊ एक्सप्रेस-वे के फगुआ भट्ठा टोल प्लाजा पर भाजपाइयों ने उनका काफिला रोक लिया। भाजपा नेता सौरभ गुप्ता ने प्रतीक चिन्ह दिया। इसके बाद मांग करते हुए कहा कि फगुआ भट्ठा पर एक्सप्रेस-वे से पैदल यात्रियों के लिए नीचे उतरने को कोई रास्ता नहीं है। लिंक रोड से दूरी ज्यादा पड़ जाती। इससे यात्री पत्थरों के सहारे नीचे उतरते हैं। पत्थर से फिसलकर कई बार यात्री घायल हो चुके। इससे यहां पर सीढ़ी का निर्माण कराया जाए। मांगों को पूरा कराने का भरोसा दिया।

इसके बाद अपर्णा यादव ने कहा कि भाजपा राज में महिलाएं सुरक्षित है। खुद भी भाजपा में आने के बाद खुश हैं। उन्होंने योगी सरकार की योजनाओं की तारीफ की । इस मौके पर आयुष गुप्ता, जितेंद्र गुप्ता, गौरव द्विवेदी समेत कई लोग मौजूद रहे।

इसके बाद वे बिधूना पहुंचीं , बिधूना के रामलीला मैदान में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के 42वें स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में अपर्णा यादव पहुंची वहां उन्होने विपक्ष पर कटाक्ष किया। अपर्णा ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान विपक्षी कहते थे कि सन्यासी को मठ भेजने का समय आ गया है। उन्हें इसका जवाब प्रचंड बहुमत से योगी सरकार दोबारा बनाकर लाेकतंत्र ने दिया है। अब मुख्य मंत्री लट्ठ बजाने का काम करेंगे। विपक्षियों को उनकी भाषा में ही जवाब मिलेगा। जो शुरू भी चुका है।

सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू व भाजपा नेता अपर्णा यादव ने कही। उन्होंने कहा कि मैं यादव कुल की बहू हूं। मैंने परिवार नहीं छोड़ा है सिर्फ राष्ट्रवाद के लिए पार्टी छोड़ी है।

स्थापना दिवस पर रामलीला मैदान में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मुख्य अतिथि बतौर भाजपा नेता अपर्णा यादव व कन्नौज से भाजपा सांसद सुब्रत पाठक मौजूद थे। अपर्णा ने मंच संभालते ही कार्यकर्ताओं व समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने जो काम किया और जो कर रही है, वह कोई नहीं कर सकता। विपक्षियों के मंसूबों को जनता समझ चुकी है। इसलिए विधान सभा में भारी मतों से योगी जी को दोबारा मुख्यमंत्री की कुर्सी दी।

उन्होंने विपक्ष पर शब्दों से प्रहार करते हुए कहा कि योगी सरकार की नीतियों से जनता खुश है। जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर किसी को मिला। भू- माफिया व शांति व्यवस्था को बिगाड़ने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। बेटियों व महिलाओं को सुरक्षा, शिक्षा के अलावा हर क्षेत्र में सरकार के कार्य सराहनीय हैं। इस दौरान भाजपा नेता व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के साढ़ू प्रमोद गुप्ता एलएस, जिलाध्यक्ष श्रीराम मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि रिया शाक्य, गोविंद भदौरिया, रामपाल भदौरिया, रघुराज शाक्य, गुड्डू वर्मा, राजेश चौहान, अनिल शुक्ला, सतीश चंद्र गोयल आदि पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *