ट्रेलर की चपेट में आकर युवक की मौत

घाटमपुर नगर के प्रमुख चौराहे पर फ्लाईओवर के निर्माण के चलते फैली अव्यवस्था अभी तक कई जान ले चुकी है। शुक्रवार को भी यहां ट्रेलर की चपेट में आकर एक युवक की जान चली गई। पिछले टायरों की चपेट में आया युवक का सिर बुरी तरह से कुचल गया। पुलिस ने शव उठाया और सड़क पर पड़े मांस के लोथड़े और खून पर मिट्टी डाल दी और उसके ऊपर से यातायात फिर से शुरू हो गया।

शुक्रवार शाम करीब सवा तीन बजे प्रमुख चौराहे के पास कानपुर रोड पर एक सरियों लदा ट्रेलर जा रहा था। इसी दौरान उसके पीछे के टायरों की चपेट में एक युवक आ गया। ट्रेेलर सीधा उसके सिर के ऊपर से निकला और दर्दनाक तरीके से उसका सिर कुचल गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। युवक का शव करीब 15 से 20 मिनट तक वहीं पड़ा रहा। इसके बाद पहुंची पुलिस ने शव को उठाया। मांस के कुछ लोथड़े सड़क पर ही पड़े रहे तो पुलिस ने उनपर मिट्टी डाल दी। इसके बाद से वहीं से फिर यातायात शुरू हो गया। बाद में युवक की शिनाख्त सजेती के बीबीपुर निवासी 32 वर्षीय सुनील कुमार के रूप में हुई। वह किसी काम से घाटमपुर आए थे। नगर में फ्लाईओवर के निर्माण कार्य के चलते मुख्य चौराहे पर तमाम तरह की अव्यवस्था बनी है। संकरी और धंसी हुई सर्विस लेन में जब कोई ट्रक या बड़ा वाहन आता है तो पैदल, बाइक या साइकिल सवार को निकलने की जगह नहीं रह जाती है। बड़ी सांसत में जान डालकर निकलना पड़ता है। कोतवाली प्रशारी एसके सिंह ने बताया कि ट्रक और चालक पुलिस के पास हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *