कानपुर
नाले के बहाव को रोकने से मंदिर परिसर में भरा गंदा पानी
जागेश्वर मंदिर के अखाड़ा परिसर में गंदा पानी भरने से लोगों का जीना हुआ मोहाल
लोगों की समस्या पर पार्षद राजकिशोर यादव ने नगर निगम अधिकारियों से की बात
नवाबगंज ख्योरा स्थित जागेश्वर मंदिर के अखाड़ा परिसर में सीवर का गंदा पानी भरने के कारण लोगो का जीना दुश्वार हो गया है। बता दें कि मंदिर के सुंदरीकरण के लिए कुछ महीनों पहले सरकार द्वारा नाले के बहाव को रोक दिया गया था। जिससे अब सीवर का गंदा पानी ओवरफ्लो होने के कारण मन्दिर परिसर में बने अखाड़े में आ गया है, जिससे लोगो को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इलाकाई नीरज ने बताया कि नाले का पानी बहने के कारण लोगो को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जो भी भक्त गण जागेश्वर मन्दिर में दर्शन करने जाते है उन्हें सीवर के गंदे पानी से होके गुजरना पड़ता है। उन्होंने बताया कि सीवर के पानी की शिकायत कई बार मंदिर कमेटी से की गई लेकिन कोई सुनवाई नही हुई। आलम ये है कि अब सीवर का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर अखाड़ा परिसर में आ गया है, जिससे लोगों को बदबू झेलनी पड़ती है और निकलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
वही लोगो की शिकायत पर आज नवाबगंज पार्षद राजकिशोर यादव मौके पर पहुँचे और अखाड़ा परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पार्षद राजकिशोर यादव ने बताया कि जब मंदिर के सुंदरीकरण का कार्य हुआ तो नाले को बंद कर दिया गया, जिसके कारण अब गंदा पानी ओवरफ्लो होने लगा है। नगर निगम के अधिकारियों से बात की गई है जल्द की समस्या का निदान कराया जाएगा।
