अप्रैल में धरती ऐसी तप रही है, मानों नौतपा चल रहे हों

अप्रैल में धरती ऐसी तप रही है, मानों नौतपा चल रहे हों l इसी गर्मी से इंसान से लेकर जानवर तक सभी बेहाल हो गए हैं. तापमान में उतार चढ़ाव हर किसी को परेशान कर रहा है. इस बीच, सोमवार को कानपुर का तापमान बढ़कर 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक लू के थपेड़ों से निजात न मिलने की बात कही है. हालांकि, दो दिन बाद जरूर राहत मिलने के संकेत दिए गए हैं l
गर्मी का हाल ऐसा है कि सुबह नौ बजे के बाद से ही तेज धूप में सड़कोें पर निकलना आफत भरा है. चिलचिलाती धूप और गर्म हवाएं राहगीरों को झुलसा रही हैं. क्या इंसान और क्या जानवर, अप्रैल की इस रिकॉर्डतोड़ गर्मी में बेहाल नजर आ रहे हैं. चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि सोमवार को कानपुर का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. यह सामान्य से 5.7 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है.वहीं, न्यूनतम तापमान भी 20.6 डिग्री सेल्सियस पर रहा. फिलहाल दो दिन तक लू के थपेड़े ऐसे ही चलते रहेंगे. उन्होंने कहा कि एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के इलाकों पर बना हुआ है. उत्तर पश्चिमी राजस्थान से सटे इलाकों में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है.विदर्भ से तेलंगाना होते हुए आंतरिक कर्नाटक तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है. एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिण अरब सागर के मध्य भाग पर बना हुआ है. एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र आंध्र प्रदेश और उत्तरी तमिलनाडु तट के पास दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी के पश्चिम मध्य भागों पर बना हुआ है. ऐसे में दो दिन बाद गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *