कानपुर देहात में दिल्ली-हावड़ा रूट के डीएफसी ट्रैक पर मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। दिवंगत के जीजा की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसकी पहचान इटावा उसराहार निवासी 21 वर्षीय शिवम के रूप में की। वह डीएफसी में इलेक्ट्रीशियन के पद पर तैनात था।
कल्याणपुर थाना उसराहार इटावा निवासी 21 वर्षाीय शिवम एफ एक्स मेघा प्रोजेक्टर इलेक्ट्रिकल कंपनी के माध्यम से डीएफसी लाइन पर इलेक्ट्रीशियन पद पर तैनात था। वह न्यू कंचौसी स्टेशन क्षेत्र में काम करता था और अपने जीजा राहुल प्रताप के साथ कंचौसी में किराये के मकान में रहता था। रविवार रात घर से ड्यूटी के लिए जा रहा था तभी रानेपुर गांव के सामने डीएफसी की अप लाइन पर मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। सुबह तक शिवम घर नहीं लौटा तो किशनी मैनपुरी निवासी जीजा राहुल प्रताप उसे खोजने के लिए निकले, जिसके बाद घटना की जानकारी हुई। राहुल प्रताप ने बताया कि वह व साला डीएफसी में ठेके में नौकरी करते हैं। रात में शिवम ड्यूटी पर गया था। इसी दौरान शिवम के साथ यह घटना हो गई। निरीक्षक मंगलपुर एसके मिश्र ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
