व्यापारी का शव संदिग्ध हालात में मिला

कानपुर। घाटमपुर के सजेती थानाक्षेत्र के धरछुआ गांव में गुरुवार सुबह एक गल्ला व्यापारी का शव संदिग्ध हालात में मिला। ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।हांलाकि व्यापारी के कान में खून के निशान मिलने की बात कही जा रही है। पुलिस ने बताया कि और जानकारी रिपोर्ट आने के बाद भी पता चल सकेगी।

गांव निवासी 70 वर्षीय जयनारायण सचान गल्ला व्यापारी थे। बेटे दिलीप और मुकेश दिल्ली में रहते हैं। दिलीप इंजीनियर हैं और मुकेश प्राइवेट नौकरी करते हैं। पिछले 10 सालों से पत्नी मुन्नी देवी भी बेटों के साथ ही रहती हैं। जयनारायण घर में अकेले रहते थे। गुरुवार सुबह उनका शव गांव बाहर सड़क किनारे बने लालजी के ट्यूबवेल में दरवाजे के बाहर पड़ा मिला। आसपास खेतों में काम करने पहुंचे ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने जांच पड़ताल की।

शव के पास से पानी की बोतल, देसी शराब की एक खाली बोतल, तंबाकू की एक चुनौटी पड़ी मिली। वहीं, बगल उनकी साइकिल खड़ी थी, जिसके झोले में बैंक की दो पासबुक भी मिलीं। शव की तलाशी के दौरान पैंट की जेब से 1800 रुपये भी मिले। पुलिस को जांच के दौरान शव में कोई चोंट के निशान नहीं मिले। हत्या की आशंका के चलते पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। स्वजनों को भी सूचना दी गई है। गांव में हीं उनके बड़े भाई राजनारायण परिवार समेत रहते हैं। उनका आरोप है कि जयनारायण की हत्या की गई है। उनके मुताबिक जयनारायण सुबह बरीपाल से रुपये लेकर वापस आ रहे थे, जिसके चलते उनकी हत्या करके रुपये पार कर दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *