बेटी की विदाई से पहले पिता की गई जान, चिता के सामने ही डोली उठी तो फूट पड़े लोगों के आंसू
Tue, 03 May 2022
कानपुर देहात के रसूलाबाद करीम नगर में बेटी की शादी के बाद विदाई से पहले पिता की हार्ट अटैक से जान चली गई। इससे खुशी के माहौल में मातम छा गया। देर रात से ही पिता सुबह जल्दी विदाई की बात सभी से कह रहे थे। नम आंखों के बीच परिवार ने बेटी को विदा करने का फैसला किया।
रहीम नगर निवासी चंद्रपाल कुशवाहा ने अपनी छोटी बेटी अंकिता का विवाह ककरारी असालतगंज निवासी अंतर सिंह के पुत्र जीतू के साथ तय की थी। सोमवार रात धूमधाम से बरात आई और द्वारचार लेकर जयमाल आदि सारे कार्य होने लगे।
जयमाल कार्यक्रम के बाद मंडप के नीचे चंद्रपाल ने बेटी के भंवरे और पैर पूजने का कार्य किया। चंद्रपाल परिवार व रिश्तेदारों से देररात से यही कह रहे थे कि बेटी की विदाई सुबह जल्दी करनी है, सब तैयार रखना, लेकिन लोगों को क्या पता था कि बेटी को विदा करने से पहले वह ही दुनिया छोड़ कर चले जाएंगे। मंगलवार सुबह छह बजे बेटी की विदाई का समय नजदीक होने पर घर में महिलाएं रोने लगीं। चंद्रपाल कुशवाहा भी गम में थे कि जिस बेटी को नाजो से पाला, आज वह दूसरे घर जा रही। अचानक सीने में दर्द की बात कहकर वह नीचे गिर गए।
स्वजन सीएचसी रसूलाबाद ले गए जहां डाक्टर ने चंद्रपाल को मृत घोषित कर दिया। उत्सव का माहौल अचानक मातम में बदल गया। बेटी अंकिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पत्नी रजनी, पुत्र विकास, सुभाष, विपिन, बड़ी पुत्री छुन्नी देवी, भाई जगमोहन, रामप्रसाद, शिवप्रसाद को विश्वास नहीं हो रहा था कि आखिर भगवान ने यह कैसा दिन दिखाया है। इस माहौल में वर जीतू सहित बराती भी गमगीन हो गए। आखिर में परिवार के बड़े बुजुर्गों ने फैसला किया कि बेटी को विदा कर दिया जाए व ससुराल में जरूरी रिवाज के बाद शाम तक वापस विदा कर लाया जाए
