भाई की शादी का कार्ड देने बाइक से जा रहे छात्र को डीसीएम ने मारी टक्कर, मौके पर मौत
Wed, 18 May 2022
कानपुर में महाराजपुर हाईवे पर प्रेमपुर मोड़ के पास फतेहपुर से कानपुर की तरफ आ रहे तेज रफ्तार डीसीएम ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसके साथ बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर मृतक के घर में कोहराम मच गया।
फतेहपुर थरियांव के चककोर्रा शादाब निवासी मजदूर होरीलाल अरख का 20 वर्षीय बेटा ब्रजेश मंगलवार सुबह पड़ोसी सुरेश की 19 वर्षीय बेटी काजल के साथ बाइक से अपने बड़े भाई की शादी का कार्ड बांटने कानपुर आ रहा था। महाराजपुर में प्रेमपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार डीसीएम ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। ब्रजेश व काजल उछलकर सड़क पर जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने से ब्रजेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल काजल को सरसौल चौकी इंचार्ज पवन तिवारी ने सीएचसी में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर काजल को सीएचसी सरसौल से एलएलआर ( हैलट) अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतक के बड़े भाई नवनीत की शादी अगले माह 25 मई को है। नवनीत ने बताया कि ब्रजेश बीए फाइनल वर्ष का छात्र था। महाराजपुर थाना प्रभारी सतीश राठौर ने बताया कि डीसीएम को कब्जे में लिया गया है। तहरीर के आधार पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
शादी की तैयारियों के बीच टूटा दुख का पहाड़
मृतक ब्रजेश के बड़े भाई नवनीत ने बताया कि घर में 25 मई को होने वाली शादी की तैयारियां चल रही थीं। मंगलवार दोपहर भाई ब्रजेश की सड़क हादसे में मौत की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मां सुमन व दोनों बहनों का रो-रो कर बुरा हाल रहा
