उन्नाव बस हादसा की जानकारी मिलते ही अलर्ट हुआ कानपुर का हैलट प्रशासन, घायलों के इलाज के लिए डाक्टरों की ड्यूटी लगाई
Wed, 18 May 2022
उन्नाव के बांगरमऊ में एक्सप्रेस -वे पर बस पलटने से घायल हुए लोगों के रेफर होकर एलएलआर अस्पताल हैलट पहुंचने की सूचना पर अस्पताल प्रशासन अलर्ट हो गया। कार्य वाहक प्राचार्य डा. रिचा गिरि ने तुरंत ही बेड रिजर्व कराकर डाक्टरों की टीम लगाई और घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हादसे में घायल किसी के भी परिजन या तीमारदार से कोई भी दवा या जांच बाहर से न करवाई जाए। हैलट इमरजेंसी की आर्थो यूनिट के डाक्टरों ने सभी घायलों का तुरंत एक्सरे कराकर प्लास्टर बांधा।

ज्यादातर घायलों के हाथ और पैरों में हुआ फ्रैक्चर

बस हादसे में घायल हुए ज्यादातर यात्रियों के हाथ और पैर में फ्रैक्चर हुआ है। हादसे में घायल राजेश ऋषिदेव का जहां बायां पैर वहीं बबलू के दोनों पैर टूट गए। अमित और सिक्किम के बांगचुक के भी फ्रैक्चर हुआ है। हादसे में मो. लाल बाबू के परिवार के सबसे ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घायलों में मो. लाल बाबू के साथ उनकी पत्नी सदरुननिशां, बेटी अमीशुल और मंतशा शामिल हैं।

आज होगा समीर का पोस्टमार्टम

हादसे में गंभीर रूप से घायल समीर को जैसे ही हैलट लाया गया, उसे डाक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। समीर के परिजनों के समय से न आ पाने के कारण अब बुधवार को उसके शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले तीन अन्य यात्रियों के शवों का पोस्टमार्टम उन्नाव में कराया जाएगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *