जीटी रोड की खोदाई में निकली ढाई क्विंटल की तिजोरी के रहस्य से उठा पर्दा, डीएम और पुलिस आयुक्त भी रहे मौजूद
Sat, 28 May 2022
जीटी रोड चौड़ीकरण में खोदाई के दौरान मिली ढाई क्विंटल वजनी तिजोरी के रहस्य से आखिर पर्दा उठ गया। बिठूर थाने में रखी तिजोरी को समाधान दिवस में पहुंची डीएम ने खुलवाया। तिजोरी के खुलने पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और अफसर भी मौजूद रहे। हालांकि तिजोरी पर दावा करने वाले दुकानदार समेत अन्य लोगों को नहीं बुलवाया गया।
जीटी रोड चौड़ीकरण का काम चल रहा है। 9 मार्च 2021 को मंधना चौराहे के पास अतिक्रमण हटाने के दौरान किराना दुकान दार दिनेश त्रिवेदी की दुकान भी जीटी रोड चाड़ीकरण की जद में आई थी। दुकान की खोदाई में पुरानी तिजोरी निकली थी, जिसका वजन क़रीब ढाई क्विंटल की थी। तिजोरी में खजाना होने की चर्चा होने की वजह से अधिकारियों ने बिठूर थाने में रखवा दिया था। इसके बाद कई लोगों ने तिजोरी पर अपना दावा पेश किया था। इनमें मंधना बहलोलपुर निवासी अरुण मिश्रा, किराना दुकानदार दिनेश त्रिवेदी और मुन्नी किन्नर थे। तिजोरी पर दावा पेश करने वाले ये लोग कोई पुख्ता सबूत नहीं दे पाए थे। इस वजह से तिजोरी को अबतक खोला नहीं गया था।
शनिवार को बिठूर थाने में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें जिलाधिकारी नेहा शर्मा और पुलिस कमिश्नर विजय सिंह मीणा,आईपीएस शिवा सिंह और तहसील के अफसरों के सामने तिजोरी का मामला रखा गया। इसपर डीएम ने तिजोरी खोलने का निर्देश दिया तो उसे निकाल कर बाहर लाया गया। तिजोरी खुलने की जानकारी पर आसपास के लोग भी पहुंच गए।
तिजोरी खुलने को लेकर लोगों में ही नहीं बल्कि अफसरों में भी उत्सुकता नजर आई। तिजोरी को काटकर खोला गया तो उसमें खजाना नहीं निकला, उसके अंदर मिट्टी की पलती परत जमी मिली, जिसे खरोंचकर देखा गया। इसपर जिलाधिकारी हंसते हुए कहा- खोदा पहाड़ निकली चुहिया भी नहीं…। तिजोरी खोलते समय दावा करने वालों को नहीं बुलाया गया।
