कोर्ट में पेशी के बाद हयात और साथियों को भेजा गया जेल, सात और उपद्रवी गिरफ्तार
Sun, 05 Jun 2022
कानपुर शहर में परेड नई सड़क से दादा मियां हाता में बवाल में आरोपित मास्टरमाइंड हयात जफर हाशमी और तीन साथियों को रविवार को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने हयात और उसके साथियों को जेल भेज दिया है। वहीं पुलिस ने बवाल में सात और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अबतक 29 उपद्रवियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात है और बाजार में कुछ ही दुकानें खुली हैं लेकिन लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं।

परेड नई सड़क पर शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद बवाल हो गया था। पथराव और तोड़फोड़ में लोग घायल हुए थे। बवाल शांत कराने के बाद पुलिस ने तीन मुकदमे दर्ज करके 36 नामजद और हजारों अज्ञात को शामिल किया था। पुलिस ने बवाल के मास्टर माइंड आरोपित जौहर फैंस एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हयात जफर हाशमी और उसके तीन साथियों जावेदअहमद मोहम्मदराहिल और मोहम्मद सुफियान को लखनऊ से गिरफ्तार किया था। इसके अलावा 18 अन्य उपद्रवियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

रविवार को भारी सुरक्षा के बीच दोपहर करीब 2:30 बजे सभी आरोपितों को विशेष न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने हयात समेत सभी आरोपितों को न्यायिक अभिरक्षा में 14 दिनों के लिए जेल भेजने का आदेश किया है। हयात और उनके साथियों को कोर्ट में पेश करने से पहले कचहरी परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। पुलिस के अलावा पीएसी के जवान भी मौजूद थे। आरोपितों की कोर्ट में पेशी के दौरान पुलिस आयुक्त विजय सिंह मीना ने नेतृत्व किया।

सात और उपद्रवी गिरफ्तार :

संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया शनिवार तक 22 लोग गिरफ्तार किए गए थे। रविवार दोपहर तक सात और उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है। उनकी पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई है। अबतक 29 उपद्रवियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि प्रकरण में केरल के पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया के शामिल होने के संकेत मिल रहे हैं। पीएफआई से हयात का कनेक्शन की जांच की जा रही है, जल्दी अन्य उपद्रवियों की गिरफ्तारी की जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *