गंगा दशहरा में नहाने गए युवक व किशोर सहित आठ लोग गंगा में डूबे, पीएसी व गोताखोरों ने निकाले शव
Thu, 09 Jun 2022
फर्रुखाबाद में गंगा दशहरा पर स्नान करने पांचालघाट आए छह युवक गुरुवार को गहरे पानी में डूब गए। पीएसी जवानों व गोता खोरों ने शवों को निकाल लिया। इनमें तीन युवकों की पहचान हो गई। दो युवक शहर के निवासी हैं। मैनपुरी निवासी युवक का शव स्वजन घर ले गए। तीन युवकों के शव मोर्चरी में रखवाए गए, उनकी पहचान का प्रयास किया जा रहा है। वहीं कंपिल के अटैना घाट पर एक किशोर सहित दो लोग डूब गए, उनकी पहचान हो गई। किशोर जिले का व युवक बदायूं का निवासी है।
पांचालघाट पर रात से ही गंगा दशहरा पर्व पर स्नान करने को भीड़ जुट गई थी। घाट पर मौजूद पुलिस कर्मी लोगों को गहरे पानी में न जाने के लिए सचेत कर रहे थे। इसके बावजूद लोग गहरे पानी में नहा रहे थे। जनपद मैनपुरी के गांव हमीरपुर निवासी नरेश चंद्र शर्मा का 25 वर्षीय पुत्र राहुल शर्मा अचानक डूब गया।
गांव के अन्य लोगों ने शोरगुल मचाया तो गंगा में ड्यूटी कर रहे पीएसी की 43 बटालियन के जवान ज्ञान प्रकाश, कमल सिंह आदि मौके पर पहुंचे। पीएसी जवानों ने कुछ देर प्रयास के बाद राहुल का शव निकाल लिया। दोपहर को राहुल के स्वजन भी आ गए। दोपहर बाद गंगा नहा रहे कुछ लोगों ने पुल के नीचे एक युवक के डूबने की जानकारी दी। इस पर पुलिस व पीएसी जवान वहां आए और कुछ देर प्रयास के बाद युवक का शव निकाल लिया। उसके शरीर पर केवल अंडरवियर था।
शहर के मोहल्ला जटवारा कदीम सुनार गली निवासी पप्पू यादव का 18 वर्षीय पुत्र बाबा यादव व घोड़ानखास पुलिस चौकी के निकट निवासी जितेंद्र यादव का 18 वर्षीय पुत्र गोविंद यादव सुबह साइकिल से गंगा नहाने पांचाल घाट आए थे। दोपहर तक वापस नहीं लौटे तो स्वजन पांचालघाट गए। मौनी आश्रम के सामने उनकी साइकिल व कपड़े मिल गए। शक होने पर गोताखोरों को बुलाया गया।
कुछ देर प्रयास के बाद गोताखोरों ने दोनों के शव निकाल लिए। इसी दौरान दो अन्य युवकों के शव भी मिल गए, जिनकी उम्र 20 से 22 वर्ष लग रही है। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ल ने बताया कि बाबा यादव, गोविंद यादव एवं मैनपुरी निवासी युवक राहुल शर्मा का शव स्वजन घर ले गए। तीन शव मोर्चरी भिजवाए गए हैं। उनकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
गांव नगला खुमानी निवासी हेम सिंह का 15 वर्षीय पुत्र बाबी गुरुवार सुबह परिवार के साथ जनपद बदायूं स्थित अटैना घाट पर गंगा नहाने गया था। गंगा नहाते समय वह डूब गया। स्वजन ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव की खोजबीन की।
कुछ समय बाद पुलिस को सूचना मिली कि जनपद बदायूं के गांव अलापुर निवासी सियाराम का 20 वर्षीय पुत्र रामकिशोर दोस्तों के साथ गंगा नहाने आया था। वह भी गहरे पानी में जाने से डूब गया। दोस्तों ने स्वजन को सूचना दी। गोताखोरों ने चार घंटे बाद दोनों शवों को बाहर निकाल लिया। स्वजन शव देखकर बिलखने लगे। मौके पर पहुंचे स्वजन शव लेकर घर चले गए
