मामी की हत्या करने वाले इनामी हत्यारोपित को पकड़ा
Thu, 09 Jun 2022
कानपुर देहात में अकबरपुर के रनियां सुंदर नगर में मामी शीतला देवी की हत्या कर फरार होने वाले हत्यारोपित भांजे राघवेंद्र उर्फ राधेश्याम को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके ऊपर 15 हजार रुपये का इनाम था। बांदा व महोबा में उसके ऊपर मादक पदार्थ तस्करी व शस्त्र अधिनियम के 12 मुकदमे दर्ज हैं। गुंडा एक्ट की भी कार्रवाई हो चुकी है।
एक मई को बांदा के पैलानी अमलोर निवासी रामबली की पत्नी शीतला की धारदार हथियार से वारकर हत्या कर दी गई थी। किराये के मकान में उसका शव मिला था जबकि साथ रहने वाला भांजा गांव पहरेता थाना खरैला महोबा निवासी राघवेंद्र हत्या के बाद फरार हो गया था। पुलिस ने काफी दबिश दी पर उसका कुछ पता नहीं चल सका था। इसके बाद 15 हजार का इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस ने गुरुवार को रनियां से ही तमंचे व चार कारतूस संग उसे गिरफ्तार किया है। सीओ अकबरपुर प्रभात कुमार ने बताया कि हत्या के बाद वह महोबा व बांदा कई जगह छिपता फिर रहा था। उसने अपना अपराध स्वीकार किया है। मुकदमे में उसके पिता व एक अन्य को भी नामजद किया गया था उनकी भूमिका की जांच पुलिस कर रही है। हत्यारोपित को जेल भेज दिया गया। पकड़ने वाली टीम में रनियां चौकी इंचार्ज रजनीश कुमार, राजू त्यागी, कौशल, दीपक व हिमांशु सोलंकी मौजूद रहे
