Mon, 12 Jul 2021
कानपुर देहात की अकबरपुर कोतवाली के एक गांव में पेड़ से बांधकर युवक की पिटाई करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने कार्रवाई का विवरण एसपी से तलब किया है। अभी पुलिस के निशाने में कई लोग है। पुलिस कर्मी वीडियो के माध्यम से लोगों को चिह्नित करने में लगे हैं।
पतारी अकबरपुर निवासी अनुसूचित जाति के सरमन को पांच जुलाई को पास के एक गांव में पेड़ से बांधकर पीटा गया था। वह अपनी प्रेमिका से मिलने गया था। परिजनों ने उसे पकड़ने के बाद ग्रामीणों के सहयोग से पेड़ से बांधकर बर्बरतापूर्वक पीटा था। इसका वीडियो वायरल होने पर राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने मामले को गंभीरता से लिया है।
आयोग ने मामले की रिपोर्ट एसपी से तलब की है। इसमें आरोपियों पर की गई कार्रवाई का विवरण भी मांगा है। इधर पुलिस ने रविवार को एक और आरोपी सर्वेश को गिरफ्तार कर लिया है। अब तक घटना में चार आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस वीडियो के माध्यम से आरोपियों को चिह्नित करने के प्रयास में लगी है।
इंस्पेक्टर तुलसीराम पांडेय ने बताया कि एक और आरोपी को गिरफ्तारी कर लिया गया है। कुछ और लोगों को चिह्नित किया जा चुका है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया है। एसपी केशव कुमार चौधरी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी की जा रही है। आयोग को पूरी रिपोर्ट भेजी जाएगी।
25 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी
कानपुर देहात। जिला समाज कल्याण अधिकारी की आख्या पर डीएम ने पतारी निवासी पीड़ित सरवन को 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी है। डीएम जेपी सिंह ने बताया कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जन जाति के व्यक्तियों को अत्याचार निवारण नियमावली के अनुसार आर्थिक मदद का प्रावधान है। इसी क्रम में यह मदद दी गई है।
