पाबंदी के बाद भी खपरामोहाल और टुकनियापुरवा में सड़क पर हुई नमाज, पुलिस की चौकसी से रही शांति
Fri, 10 Jun 2022
कानपुर में नई सड़क पर बीते शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद बवाल और उपद्रव हुआ था। इसे देखते हुए इस बार मस्जिदों के अंदर ही जुमे की नमाज संपन्न कराने की इजाजत दी गई थी। इसके बाद भी खपरामोहाल और टुकनियापुरवा में सड़क पर नमाज अदा की गई। वहीं अन्य थाना क्षेत्रों में शुक्रवार को दोपहर 1:30 बजे तक कई मस्जिदों में नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और शहर में अमन चैन बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सुबह से कमर कसे हुए थे। शुक्रवार को सभी मस्जिदों के बाहर और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस और पीएसी के साथ अर्द्ध सैनिक बल तैनात था। वहीं अधिकारी लगातार पैदल गश्त कर रहे थे। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यतीमखाना की नानपारा मस्जिद, तलाक महल की मोहम्मदी मस्जिद, नई सड़क की बक्सू प्यादा मस्जिद, लकड़मंडी की दिलदार खां, सलार बक्श मस्जिद, गम्मू खां हाता में बुखारी मस्जिद, जाजमऊ के अर्शफाबाद मस्जिद, दादा मियां मजार, कर्नलगंज के दिलदार खान, बड़ी ईदगाह बाबूपुरवा, मछरिया की जामा मस्जिद, उस्मानपुर स्थित मस्जिद, आउटर के बिल्हौर स्थितशाही मस्जिद , मदारी मस्जिद , महाराजपुर के सरसौल स्थित मस्जिद में अंदर शांतिरपूर्ण ढंग से नमाज अदा हुई।
बिठूर में कम रही नमाजियों की संख्या
बिठूर के नारामऊ की जामिया मस्जिद में सुबह से ही प्रशिक्षु आइपीएस शिवा सिंह फोर्स के साथ मौजूद रही। यहां भी शांतिपूर्ण ढंग से नमाज अदा की गई। इस बार अन्य जुमे की अपेक्षा नमाजियों की संख्या कम रही।
2:45 बजे यहां होगी नमाज
कायरस्थाना रोड पर स्थित अरकम मस्जिद में अभी नमाज अदा नहीं हुई है। यहां की नमाज का वक्त 2:45 बजे का बताया गया है, लेकिन एहतियातन यहां सुबह से ही फोर्स तैनात कर दी गई है।
