कानपुर हिंसा के बाद शनिवार को बड़ी कार्रवाई हुई। हिंसा के मास्टरमाइंड हयात जफर हाशमी के करीबी बिल्डर की अवैध बिल्डिंग को प्रशासन ने ध्वस्त किया। यह कार्रवाई मोतीझील से बेनाझाबर रोड स्थित बिल्डिंग पर हुई। बिना नक्शा पास कराए ही बिल्डर मोहम्मद इश्तियाक ने बिल्डिंग बनाई है। जिसे अब कानपुर विकास प्राधिकरण यानी KDA ने ध्वस्त किया। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
तोड़ने की कार्रवाई करने मौके पहुंचे KDA ओएसडी अवनीश सिंह ने बताया कि आवासीय में इश्तियाक अहमद का नक्शा दर्ज है, लेकिन इन्होंने पूरी बिल्डिंग को कॉमर्शियल बना दिया था। 130 वर्ग मीटर जमीन के अलावा रोड पर करीब 10 वर्ग मीटर अवैध निर्माण किया गया था। सेटबैक भी नहीं छोड़ा था। इसलिए KDA वीसी अरविंद सिंह के निर्देश पर अवैध हिस्सा गिराने की कार्रवाई की गई।
KDA अधिकारियों के मुताबिक, 2021 में बिल्डिंग को सील किया गया था। ध्वस्तीकरण के आदेश भी दिए गए थे। इसके बाद भी निर्माण कार्य जारी रखा गया। बिल्डिंग को गिराते समय सुरक्षा में KDA अधिकारी, पुलिस, RAF और मजिस्ट्रेट भी मौजूद रही। तीन जून को कानपुर देहात में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के दौरे के समय बेकनगंज इलाके में हिंसा हुई थी। सीएम योगी उस राष्ट्रपति के कार्यक्रम के बाद सीधे गोरखपुर पहुंचे थे। उन्होंने रात में यूपी के लॉ एंड आर्डर पर वर्चुअल बैठक की। यूपी के अफसर इस बैठक में थे। योगी ने निर्देश दिया कि उपद्रवियों पर गैंगस्टर एक्ट लगाया जाएगा। संपत्तियों को चिह्नित करके बुलडोजर चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *