पत्नी पर अश्लील टिप्पणी करने पर कर दी थी दोस्त की हत्या, घाटमपुर पुलिस ने 15 दिन बाद किया खुलासा
Tue, 14 Jun 2022
घाटमपुर में साढ़ थाना क्षेत्र के कुंदौली गांव में पत्नी पर अश्लील कमेंट करने पर युवक ने 29 मई को अपने साथी की हत्या कर दी थी। युवक का शव नहर में फेंक दिया था, जो 31 मई को फतेहपुर जिले में मिला था। लेकिन, 10 जून तक उसकी शिनाख्त ही नहीं हो सकी। शिनाख्त होने के बाद साढ़ पुलिस ने हत्या का राजफाश किया है।

कुंदौली निवासी 32 वर्षीय प्रशांत उर्फ वक्रिम सिंह 29 मई को अपने पड़ोस के दोस्त विपिन सिंह के साथ निकला था। रात को विपिन घर लौट आया, लेकिन प्रशांत नहीं आया। विपिन से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि उसने प्रशांत को साढ़ चौराहे पर छोड़ दिया था। इसके बाद नहीं पता कि प्रशांत कहां गया? प्रशांत की पत्नी रचना सिंह की शिकायत पर साढ़ पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की थी। इसके बाद पुलिस ने विपिन को उठाया था। हालांकि, तब भी विपिन प्रशांत को साढ़ चौराहे पर छोड़ने की बात पर अड़ा रहा। स्वजन ने साढ़ चौराहे के सीसीटीवी खंगाले तो पता चला कि विपिन अपनी बाइक में प्रशांत को बैठाकर साढ़ से निकला था। इस पर पुलिस को विपिन पर शक गहरा गया। वहीं, 10 जून को पुलिस को फतेहपुर के कल्याणपुर थाने से एक शव की फोटो मिली। स्वजन ने देखते ही उसकी शिनाख्त प्रशांत के रूप में की। पता चला कि यह शव 31 मई को कल्याणपुर में नहर में मिला था। अज्ञात में तीन दिन रखने के बाद उसका पोस्टमार्टम करा दिया गया था। हालांकि, शिनाख्त के लिए फोटो ले ली गई थी। इसके बाद पुलिस ने विपिन से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने सच उगल दिया और हत्या की बात स्वीकारी।

पत्नी पर अश्लील कमेंट करने पर की थी हत्या

साढ़ एसओ मंसूर अहमद ने बताया कि विपिन के मुताबिक प्रशांत उसका साथी था और साथ में दोनों शराब पीते थे। विपिन ने बताया कि प्रशांत उसकी पत्नी के बारे में अनाप-शनाप बातें करता और अश्लील कमेंट भी करता था। इसको लेकर विपिन ने प्रशांत को दिमाग में चढ़ा लिया था। 29 मई को फिर से दोनों ने शराब पी। इस दौरान फिर से प्रशांत ने विपिन की पत्नी को लेकर अश्लील टिप्पणी की। इससे आक्रोशित होकर विपिन ने नहर की पटरी पर पटक-पटककर हत्या कर दी और शव को नहर में फेंक दिया। एसओ मंसूर अहमद ने बताया कि आरोपित विपिन पर हत्या का मुकदमा दर्ज करके जेल भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *