संदिग्ध हालात में जला कपड़ों से भरा कंटेनर
Tue, 14 Jun 2022
रनियां में कानपुर-इटावा हाईवे पर रायपुर के पास संदिग्ध हालात में कपड़े ले जाकर जा रहे कंटेनर में आग लग गई। पुलिस व पास के कोल्ड स्टोरेज के कर्मियों ने पानी डालकर आग बुझाई। आग लगते ही चालक व परिचालक फरार हो गए। पुलिस पता कर रही कि माल आखिर कहां से आया और कहां को जा रहा था।
मंगलवार तड़के 4.30 बजे करीब रनियां से कानपुर की ओर जा रहा कपड़ों के बंडल लदा कंटेनर रायपुर ओवरब्रिज के पास पहुंचा था। अचानक संदिग्ध हालात में आग लग गई। यह देख पीछे से आ रहे वाहन सवार सहम गए और वाहनों की रफ्तार थम गई। चौकी इंचार्ज रनियां रजनीश कुमार सिपाहियों संग पहुंचे और पास की फैक्ट्री से पानी लेकर डालना शुरू किया। वहीं नीलम कोल्ड स्टोरेज के कर्मचारियों ने सबमर्सिबल पंप चला दिया और आग बुझाने का काम शुरू किया। कड़ी मेहनत के साथ आग पर काबू पाया जा सका। चौकी इंचार्ज ने बताया कि चालक व परिचालक फरार हो गए। पता किया जा रहा कि आखिर माल किसका था और आग कैसे लगी।
