औरैया, उन्नाव और फतेहपुर में अग्निपथ योजना के विरोध में सड़क पर आया युवा, जताया रोष
Thu, 16 Jun 2022
सेना में अग्निवीरों की भर्ती को लेकर गुरुवार को उन्नाव के मरहला चौराहे पर युवाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। उनको पुलिस ने समझा-बुझा कर शांत कराया। युवाओं ने कहा कि चार साल की भर्ती के बाद उनका भविष्य अंधकार में हो जाएगा। उसके बाद वह कहां जाएंगे और क्या करेंगे। फतेहपुर में युवाओं ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर विरोध किया। रेल रोको की अपील की, लेकिन पुलिस की चौकसी के चलते वह सफल नहीं हुए। कहा कि केंद्र सरकार युवाओं के साथ खिलवाड़ कर रही है। वहीं, औरैया में अग्निपथ योजना के विरोध में 50 से ज्यादा युवा जिला अस्पताल के सामने एकत्र हुए। समस्या को सुनकर कोतवाल रवि श्रीवास्तव ने उन्हें लौटाया।
अग्निपथ योजना के तहत सेना में भर्ती को लेकर युवाओं में कहीं न कहीं नाराजगी है। इसका गुस्सा गुरुवार को शहर के तिलक स्टेडियम में दिखा। जहां एकत्र हुए नौजवानों ने पहले बैठक की। इसके बाद रणनीति बनाकर वह राष्ट्रध्वज हाथ में लिए सड़क पर उतर गए। हाजी पेट्रोल पंप से कुछ दूर आगे आए ही थे कि इससे पहले पुलिस पहुंच गई। शांति व्यवस्था न बिगड़े, इसके लिए कोतवाल रवि श्रीवास्तव मय फोर्स के साथ रहे। रोके जाने पर युवाओं ने कहा कि वह किसी प्रकार का माहौल नहीं बिगाड़ना चाहते हैं। शांतिपूर्ण ढंग से वह अपनी बात सरकार तक पहुंचाएंगे।
योजना से कहीं न कहीं नुकसान होगा। वह अपनी बात प्रशासन के जरिये केंद्र सरकार तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। इसके लिए 18 जून को वह सदर तहसील में जुटते हुए एसडीएम मनोज कुमार सिंह को ज्ञापन देंगे। युवाओं के चेहरे का भाव देखकर पुलिस ने उन्हें किसी तरह समझाया। 20 से 22 मिनट की मशक्कत बाद उन्हें वापस लौटाया जा सका था। भीड़ में शामिल युवाओं में ज्यादातर सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहे हैं। उधर, कोतवाल से उच्चाधिकारियों के साथ ही प्रशासनिक अमले को पूरे मामले की जानकारी दी। सुरक्षा की दृष्टि से जिले भर में खुफिया तंत्र भी अलर्ट मोड पर रहा था। पल-पल की अपडेट कोतवाली, थानों व चौकियाें से ली जाती रही।
सेना में चार साल के लिए भर्ती को लेकर युवाओं ने किया विरोध प्रदर्शन
उन्नाव : अग्निपथ योजना के अंतर्गत सेनाओं में चार साल के लिए अग्नि वीरों की भर्ती को लेकर युवाओं ने गुरुवार को मरहला चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन कर रहे युवाओं को पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर शांत कराया और लौटा दिया। सेना में चार साल के लिए भर्ती को लेकर नगर के युवाओं का कहना रहा कि भर्ती के बाद उनका भविष्य अंधकार में हो जाएगा। उसके बाद वह कहां जाएंगे और क्या करेंगे। इसे लेकर उनके सामने असमंजस की स्थिति बनी हुई है। श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में सेना की भर्ती को लेकर रोजाना दौड़ लगाने व शरीर को फिट रखने के लिए व्यायाम करने वाले युवाओं में सेना में चार साल की भर्ती किए जाने को लेकर नाराजगी रही, लगभग आधा सैकड़ा युवा सेना की नई भर्ती प्रक्रिया से नाराज होकर मरहला चौराहे पहुंचे। जहां उन्होंने इस भर्ती प्रक्रिया के विरुद्ध नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन करते देख पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने युवाओं को समझा-बुझाकर लौटा दिया।
फतेहपुर: केंद्र सरकार की ओ से युवाओं के लिए लागू की गई अग्निपथ योजना के विरोध में गुरुवार को विरोध देखने को मिला। युवाओं ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर विरोध किया। युवाओं ने रेल रोको की अपील की, लेकिन पुलिस की चौकसी के चलते वह सफल नहीं हुए। अग्निपथ योजना को वापस लेने और दो साल से सेना में भर्ती नहीं होने का आरोप लगाकर नारेबाजी की। कहा, केंद्र सरकार युवाओं के साथ खिलवाड़ कर रही है। संवैधानिक तरीके से प्रदर्शन करके योजना को वापस लेने का विरोध किया जाएगा।
