दुल्हन को विदा कर ले जा रहा था दूल्हा, ट्रक ने कार में मारी टक्कर, पांच गंभीर रूप से घायल
Thu, 16 Jun 2022
बांदा में शादी के बाद दुल्हन को विदा करा कर लौट रहे लोगों की कार में तिंदवारी बाइपास पर तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दूल्हा- दुल्हन समेत पांच लोग जख्मी हो गए। पीछे से आ रही दूसरी गाड़ी के लोगों ने सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। ट्रक लेकर चालक फरार हो गया। देहात कोतवाली में तहरीर दी गई है, जिसमें ट्रक का नंबर भी बताया गया है।
ग्राम खम्हौरा निवासी रमइया के पुत्र देवीदीन की शादी तिंदवारी के कबीर नगर निवासी चौधरी कोटार्य की पुत्री प्रियंका से तय हुई थी। बरात तिंदवारी गई थी और शादी के समस्त कार्यक्रम होने के बाद बुधवार की शाम चार बजे बरात की विदाई हुई। एक कार में दूल्हा देवीदीन और दुल्हन प्रियंका के साथ अन्य स्वजन बैठे थे। जैसे ही कार तिंदवारी बाइपास पहुंची, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। कार सवार दूल्हा-दुल्हन के अलावा दूल्हे के फूफा कल्लू, कार चालक अवधेश और वीडियो कैमरा ऑपरेटर बुरी तरह से घायल हो गए। बरात में पीछे से आ रहे स्वजन ने सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।
