जल ही जीवन है जितना शुद्ध पानी होगा,उतना स्वस्थ हमारा जीवन होगा.आईआईटी कानपुर में तैयार की गई वाटर टेस्टिंग किट बताएगी कि आपका पानी शुद्ध है या आप अशुद्धियों के रूप में जहर पी रहे हैं.आईआईटी कानपुर की इनक्यूबेटर कंपनी अर्थ फेस ने एक ऐसी किट बनाई है जो पानी में ह्यूमन वेस्ट और कैटल वेस्ट का पता लगाएगी और पानी की शुद्धता की सटीक जानकारी आप को पानी के रंग से पता चल जाएगी.इस पोर्टेबल टेस्टिंग किट को विकसित करने वाली संस्थान की टीम ने राष्ट्रीय जल जीवन मिशन के इनोवेशन चैलेंज को भी जीत है.इस किट की कीमत 199 रुपए रखी गई है.जिसमें दो किट शामिल है.एक किट की कीमत ₹100 से कम पड़ेगी हालांकि इसे अभी और कम दामों में बाजार में उपलब्ध कराने की योजना है.
24 घंटे चलेगा टेस्टिंग का प्रोसेस
आईआईटी कानपुर के अर्थ साइंस विभाग के प्रोफेसर इंद्रसेन ने बताया कि इस टेस्टिंग किट में दो बार हम टेस्ट कर सकते हैं.इसमें एक बड़ा टेस्टिंग ट्यूब है और दो छोटे वेसल लगें हैं.जिसमें आपको 10ml पानी बड़े ट्यूब में डालना है.जिसमे पहले से एक पाउडर पड़ा हुआ है.जिसके बाद उसे 20 घंटे उसको रखना है उसके बाद उससे थोड़ा पानी छोटे वेसल में डालना है.उसको 4 घंटे रखना है अगर उसका कलर चेंज होता है तो इसका मतलब है कि पानी में ह्यूमन वेस्ट या कैटल वेस्ट मिला हुआ है और यह पीने योग्य नहीं है.अगर पानी का कलर चेंज नहीं होता है तो आपका पानी शुद्ध है और आप उसको पी सकते हैं.
गांवों में मिलेगा बड़ा फायदा
ग्रामीण इलाकों में अशुद्ध पानी पीने की वजह से कई सारी बीमारियां फैलती हैं.क्योंकि वहां पर पानी की शुद्धता का टेस्ट नहीं हो पाता है और वहां पर जानवर भी अधिक होते हैं.जिससे पानी में कैटल वेस्ट मिलने का ज्यादा खतरा रहता है.तो वहीं डब्ल्यूएचओ के अनुसार पानी में अगर ह्यूमन वेस्ट या कैटल वेस्ट है तो वह पानी एक परसेंट भी पीने योग्य नहीं होता है.ऐसे में इस किट की मदद से हर कोई बड़ी आसानी से पानी की जांच कर सकेगा.
2022-06-18
