पुलिस पर 40 राउंड गोलियां बरसाने वाले राजकुमार दुबे और उसकी पत्नी जेल गई, सरेंडर कराने में लगे थे दो घंटे
Mon, 20 Jun 2022
कानपुर में चकेरी के श्याम नगर में पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने वाले शेयर कारोबारी राजकुमार दुबे और सहयोग करने वाली पत्नी किरन को गिरफ्तार करने के बाद दूसरे दिन सोमवार को जेल भेज दिया गया। घरेलू विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर शेयर कारोबारी ने डबल बैरल बंदूक से 40 राउंड फायर किए थे और गोली लगने से दारोगा समेत तीन पुलिस कर्मी जख्मी हो गए थे। पुलिस पर फायरिंग करने में उसकी पत्नी ने भी सहयोग किया था।
श्याम नगर सी ब्लॉक निवासी शेयर कारोबारी राजकुमार दुबे का बड़े बेटे और बहू से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस पर कारोबारी ने बेटे और बहू को कमरे में बंद कर दिया था। बेटे की सूचना पर पुलिस घर पहुंची तो कारोबारी ने हेलमेट लगाकर छत से पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। करीब 40 राउंड हुई फायरिंग में इलाके में दहशत फैल गई थी और दारोगा समेत तीन पुलिस कर्मी जख्मी हो गए थे। कारोबारी पति के साथ पूरे समय उनकी पत्नी किरन मौजूद थी और सहयोग भी कर रही थी।
“पूर्वी जोन के फोर्स के साथ डीसीपी पूर्वी प्रमोद कुमार घटनास्थल पहुंचे थे और दो घंटे की मशक्कत के बाद दारोगा का फर्जी निलंबन पत्र दिखाकर शेयर कारोबारी का आत्मसमर्पण कराया था। पुलिस ने कारोबारी को हिरासत में लेकर डबल बैरल बंदूक कब्जे में ली थी। देर रात चौकी प्रभारी श्याम नगर मुरलीधर पांडे की तहरीर पर राजकुमार दुबे और उसकी पत्नी किरन के खिलाफ हत्या का प्रयास, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना, धमकी देना, शस्त्र अधिनियम व सेवन क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने सोमवार को उसकी पत्नी किरन को भी गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पति पत्नी का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद कोर्ट में पेश किया, जहां से दंपती को जेल भेजा गया है।”
