ट्रांसफार्मर में बिजली गिरने से इंसुलेटर ब्लास्ट
Tue, 13 Jul 2021
पुखरायां के असेवा विद्युत उपकेंद्र के ट्रांसफार्मर में बिजली गिरने से इंसुलेटर ब्लास्ट हो गया। इससे 30 गांवों की सप्लाई ठप हो गई। 24 घंटे से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी सप्लाई नहीं चालू की जा सकी। लोग गर्मी व उमस से परेशान हैं। पानी का भी संकट खड़ा हो गया है।
क्षेत्र के असेवा, मुतैहरापुर, गोपालपुर, जगदीशपुर, असलापुर, उमरिया, गिरदौं, नारायनपुर, अकबरनगर, लवरसी, सिहारी, कछगांव, मलासा, धौकलपुर, मोहम्मदपुर, अनंतरामपुर, मठानापुर्वा, ठाकुरपुर्वा, घार, बम्हरौली, शेरपुर, उपकेंद्र सिंगरसीपुर व गांव सिंगरसीपुर, बिजयीपुर सहित 30 गांवों की सप्लाई ठप हो गई। विनीत त्रिपाठी, सुरेंद्र सिंह यादव, अजय कुमार, धर्म सिंह एडवोकेट, आदि ने बताया कि रविवार की शाम से बिजली गुल है। रात अंधेरे में बीत गई। गर्मी और उमस के चलते परेशानी हो रही है। दिन में भी लाइट नहीं आई और सोमवार की रात भी बिजली की सप्लाई मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं। अब गांवाें में मोबाइल डिस्चार्ज हो गए हैं। लोग पानी के लिए परेशान हैं।
अकबरपुर के उपखंड अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि तकनीकी खराबी को ठीक कराने का प्रयास किया जा रहा है। कानपुर गोदाम से सामान मंगाया गया है। जल्दी ही सप्लाई चालू करा दी जाएगी।
