कानपुर के धर्मस्थलों के महंतों से जुड़े विवाद खत्म नहीं हो रहे हैं. पनकी के महंतों के बीच विवाद और एफआइआर के बाद अब परमट मंदिर के दो महंतों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. ग्वालटोली पुलिस का दावा है कि इन दोनों महंतों के पास से चोरी की रकम भी बरामद की गई है. अन्य महंतों की तलाश की जा रही है.
दरअसल, पिछले दिनों जूना अखाड़ा के महामंत्री महंत प्रेम गिरी ने ग्वालटोली थाना में एफआइआर दर्ज करायी थी. उन्होंने अपनी तहरीर के साथ पुलिस को सीसीटीवी वीडियो भी उपलब्ध कराए थे. इस तहरीर में कहा गया था कि परमट मंदिर के महंत रामदास और चेतन गिरी ने अन्य लोगों के साथ मिलकर दानपात्रों और कोठार के ताले तोड़कर दान की धनराशि निकाल ली है. इस दौरान जूना अखाड़ा की तरफ से साल 2011 से लेकर अब तक खर्च, जिसमें बिजली का बिल, कर्मचारियों का वेतन, पीएनबी के खाते में जमा की जाने वाली धनराशि का विवरण आदि भी पुलिस को उपलब्ध कराया था. तहरीर में यह भी बताया गया कि जूना अखाड़ा की तरफ से साल 2011 से परमट मंदिर में चार महंत बनाए गए. इसमें महंत इच्छा गिरी, अरूण गिरी, दीपेश्वर गिरी और भाउ गिरी महराज शामिल हैं. सभी महंत पिछले एक साल से हरिद्वार गए थे. इसी बीच तीन जुलाई को मंदिर परिसर में चोरी की यह घटना हुई. ग्वालटोली पुलिस के अनुसार, पूरे मामले में महंत बाबा रामदास और चेतन गिरी को गिरफ्तार किया गया है. इनके पास से चारी की रकम भी बरामद हुई है. छह अन्य महंतों की तलाश की जा रही है. वहीं, यह मामला सामने आने के बाद परमट आने वाले श्रद्धालुओं में भी चोरी की घटना को लेकर रोष देखा गया l
2021-07-13
