हाई अलर्ट: लखनऊ में पकड़े आंतकियों के आगरा कनेक्शन की जांच तेज, स्टेशनों पर हुई चेकिंग
Wed, 14 Jul 2021
लखनऊ में पकड़े गए आतंकियों से पूछताछ के आधार पर आईबी से मिले इनपुट के बाद प्रदेश के रेलवे स्टेशनों पर हाई अलर्ट किया गया है। आतंकियों के आगरा कनेक्शन की तलाश तेज कर दी गई है। मंगलवार को आगरा कैंट, आगरा फोर्ट स्टेशनों के साथ ट्रेनों में भी सघन चेकिंग की गई।
पुलिस उपाधीक्षक, जीआरपी हरीशचंद्र ने बताया कि इस तरह के इनपुट हैं कि उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाली में ट्रेनों में सीरियल ब्लास्ट की प्लानिंग भी चल रही थी। इसके बाद प्रदेश के सभी स्टेशनों पर अलर्ट किया गया है। आरपीएफ के कमांडेंट पीके पंडा ने बताया कि स्टेशनों के साथ ही सर्कुलेटिंग एरिया में भी एहतियातन सुरक्षा बढ़ाई गई है। 15 अगस्त तक निरंतर चेकिंग रहेगी। मंगलवार को सुबह और शाम को जीआरपी कैंट इंस्पेक्टर संजय खरवार व आरपीएफ इंस्पेक्टर सुरेंद्र चौधरी ने खोजी श्वान, बम निरोधक दस्ते के साथ प्लेटफार्म, यात्री प्रतीक्षालय से लेकर आउटर तक सघन चेकिंग की। इस दौरान स्टेशन पर नशा करके मांगने वाले युवकों को भी दौड़ा दिया गया। इसके बाद आगरा कैंट इंटरसिटी, शताब्दी समेत अन्य ट्रेनों में भी चेकिंग की गई।
स्टेशन पर टिकट दिखाने के बाद ही प्रवेश
हाई अलर्ट के दौरान आगरा कैंट स्टेशन पर उन्हीं यात्रियों को प्रवेश दिया जाएगा, जो कि अपनी यात्रा के टिकट दिखाएंगे। आगरा मंडल के वाणिज्य प्रबंधक एसके श्रीवास्तव ने बताया कि प्लेटफार्म टिकट को इसी कारण स्थगित किया गया है। टिकट के आधार पर ही बाहरी लोग अंदर आ सकेंगे।
कंट्रोल रूम से बढ़ाई निगरानी
आगरा कैंट स्टेशन पर लगे 100 सीसीटीवी कैमरे, आगरा फोर्ट और राजा मंडी स्टेशनों पर भी सीसीवीटी कैमरे लगे हुए हैं। आरपीएफ के कंट्रोल रूम से इन्हें कंट्रोल किया जाता है। कमांडेंट ने बताया कि स्टेशनों पर लगे कैमरों की मॉनीटरिंग भी लगातार की जा रही है, ताकि संदिग्ध प्रतीत होने वाले व्यक्ति को पकड़ा जा सके।
