वाहन की टक्कर से महिला की मौत

Thu, 15 Jul 2021
औरैया से घर जा रही बाइक सवार महिला को हवासपुर गांव के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में महिला का बेटा व बेटी भी घायल हो गए। हादसे की सूचना से परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
मंगलपुर थाना क्षेत्र के जुरिया बाबू पुरवा की मिथलेश देवी अपने मौसा सतीश कुमार के घर औरैया गई थी। बुधवार शाम बेटे उपेंद्र व बेटी अंजलि के साथ बाइक से घर वापस जा रही थी। इसी दौरान हवासपुर गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इससे मिथलेश देवी बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।

वहीं बेटा व बेटी को मामूली चोट आई। राहगीरों ने तीनों को हवासपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉ. गौरव ने महिला को मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की जानकारी अन्य परिजनों को दी गई।

इधर, घटना के बाद बेटा व बेटी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। थाना प्रभारी रामबहादुर पाल ने बताया कि मृतक के पुत्र की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बाइक सवार हेलमेट लगाए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *