निकल रही सड़कों पर भीड़
उन्नाव। कोरोना के कारण बाजार बंदी का दस वें दिन मिला जुला असर रहा। शहर के गांधी नगर तिराहा से लेकर ओवर ब्रिज तक आम दिनों जैसा ही नजारा दिखा। फल, सब्जी आदि की दुकाने भी लगीं, बस स्थान में आंशिक परिवर्तन के साथ बदलकर। सड़क पर निकले लोगों में अपनी जरूरत का सामान खरीदने की होड़ सी नजर आई। धवन रोड पर दुकानों के शटर गिरे होने के बावजूद भी आम दिनों की तरह ही भीड़भाड़ रही। कोरोना कर्फ्यू की अवधि लगातार बढ़ती जा रही है। ऐसे में लोगों की जरूरत के सामान को लेकर चिता बढ़ती जा रही है। ऐसे में सुबह छह से नौ के बीच मिलने वाली आंशिक छूट के दौरान शहर की सड़कों पर निकले लोग पूरे दिन सड़क पर ही नजर आए। इस बीच दूध, किराना, सब्जी, फल तो लोगों ने खरीदा ही साथ ही दूसरे सामान की खरीदारी भी पूरे दिन चलती रही। हालांकि इस अवधि में भी किराना आदि सामान की दुकानें नहीं खुली, बल्कि पिछले दरवाजे से ही सामान लेने का काम किसी तरह से चला। नवाबगंज में कस्बे में मिला जुला असर देखने को मिला। दोपहर कुछ दुकाने खुलने की सूचना पर पहुंची नवाबगंज चौकी पुलिस ने उन्हें बंद करा दिया। इस बीच पुलिस ने बेवजह वाहनों की चेकिग कर चालान भी किये।

