कानपुर शहर में पुलिस ने अलर्ट जारी किया

कानपुर। कानपुर शहर में पुलिस ने अलर्ट जारी किया है। इसके मद्देनजर अब यहां रहने वाले हर विदेशी नागरिक का नए सिरे से वैरिफिकेशन होगा। दरअसल, संदिग्ध आतंकियों मिनहाज और मसीरुद्दीन के सामने आए कानपुर कनेक्शन के चलते सुरक्षा एजेंसियों ने यह कदम उठाया है। दोनों को लखनऊ से 11 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था।

वेरिफिकेशन के लिए कमिश्नर असीम अरुण ने कमिश्नरेट के तीनों जोन के DCP को आदेश भी जारी कर दिया है। इसमें उन्होंने कहा है कि अगर कोई विदेशी अवैध रूप से रहते पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वेरिफिकेशन के लिए थाने भी बुलाया जाएगा।

पुलिस कमिश्नर असीम अरुण ने कहा कि जिले में वह स्थान चिन्हित करें, जहां अवैध विदेशी नागरिक निवास कर रहे हैं। इसके बाद अवैध विदेशी नागरिकों की मार्किंग कर उनके नाम, निवास, आधार, पासपोर्ट की गहनता से जांच की जाएगी।

साथ ही, उनकी ओर से दिखाए गए प्रमाण पत्रों का फिजिकल व इंटरनेट के जरिए सत्यापन किया जाएगा। अगर किसी के भी दस्तावेज या अवैध रूप से कानपुर में निवास करते पाया गया तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी। DCP साउथ रवीना त्यागी, DCP पूर्वी अनूप कुमार सिंह और DCP संजीव त्यागी सोमवार से अभियान शुरू करके सत्यापन कराएंगे।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि कोई भी व्यक्ति अपने आस-पड़ोस में अवैध रूप से रहने वाले विदेशी की सूचना चौकी, थाना, यूपी-112 या सीधे अफसरों से मिलकर दे सकता है। उसका नाम पता गोपनीय रखा जाएगा। सूचना देने वालों से किसी भी तरह की पूछताछ भी नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *