महोबा। महोबा में तेज रफ्तार ट्रक ने मजदूरों से भरी पिकप गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब 11 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सूचना के बाद मौके पर पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।
दरअसल, महोबा के बसोरा गांव में जलनिगम के लिए पानी की टंकी का निर्माण कार्य चल रहा है। जहां सभी मजदूर काम कर रहे थे। बीते 4 दिन से लगातार हो रही बारिश के कारण निर्माण कार्य बंद हो गया है। जिससे सभी मजदूर अपने अपने गांव जाने के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि पिकप में तकरीबन 15 मजदूर सवार थे। यह सभी पिकप गाड़ी से शहर से 6 किमी दूर कानपुर- सागर राष्ट्रीय राजमार्ग हाईवे 86 पर पहुंचे ही थे कि सामने से तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
गाड़ी पलटने से कई मजदूर जहां गाड़ी के नीचे दब गए तो वहीं दो राजेश और सुरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि 11 लोग घायल हो गए। आनन् फानन में पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोगों ने घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया जबकि दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। उनके परिजनों को सूचना भिजवा दी गयी है। 
