रिद नदी उफनाने से औद्योगिक क्षेत्र में घुसा पानी

पिछले एक सप्ताह से रुक रुक कर हो रही बारिश ने क्षेत्र के हालात बदतर कर दिए हैं। बारिश के कारण रिद नदी उफनाने से क्षेत्र के कई गांवों के साथ ही औद्योगिक क्षेत्र रनियां की फैक्ट्रियों में पानी घुस गया। इससे उत्पादन पर असर पड़ा है। वहीं प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना शुरू कर दिया है।

अकबरपुर तहसील क्षेत्र के अतंर्गत रायपुर, देवकली, इटालिया के साथ ही औद्योगिक क्षेत्र रायपुर बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। रिद नदी में उफान के कारण घंटे दर घंटे जलस्तर बढ़ रहा है। इससे रायपुर क्षेत्र में रिहायशी इलाके में पानी भर जाने से लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। वही इटालिया गांव पूरी तरह बाढ़ की चपेट में आने से लोगों का संपर्क टूट रहा है, जबकि देवकली के आसपास तैयार सब्जी की फसल पूरी तरह तबाह हो चुकी है। वहीं बिजली व्यवस्था भी पूरी तरह से चरमरा गई है। गांव के अशोक, भोला, अरुण, विनोद सहित अन्य लोगों ने बताया कि फसले जलमग्न होने के साथ ही पशु चारे की समस्या भी खड़ी हो रही है। इसके साथ ही रायपुर औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्रियों में पानी घुसने से उत्पादन पर बुरा असर पड़ रहा है। स्थानीय प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को रायपुर के प्राथमिक विद्यालय के साथ ही अन्य सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। रविवार को बीडीओ अशोक कुमार ने प्रधान प्रतिनिधि राजा सिंह के साथ लोगों राशन वितरित कराया।

ग्रामीणों में रोष

2018 में भी रिद नदी का जलस्तर बढ़ने से देवकली, इटालिया, रायपुर गांव की स्थिति बिगड़ गई थी। तीन साल बाद फिर वही स्थितियां फिर से बन गई है। इससे लोगों में प्रशासन के प्रति रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की ओर से व्यवस्था की गई होती तो दोबारा ऐसे हालात न बनते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *