ट्रैक पर घंटों पड़ा रहा शव: मिर्जापुर में सीमा विवाद में उलझी दो थानों की पुलिस, जमीन देखने के लिए बुलाना पड़ा लेखपाल
Tue, 03 Aug 2021
लेखपाल से जमीन के बारे में पूछते पुलिस कर्मी
मिर्जापुर जिले में गैपुरा और जिगना रेलवे स्टेशन के बीच बरीदुबे गांव के पास सोमवार सुबह अपलाइन रेलवे ट्रैक पर भदोही निवासी युवक का शव मिला। दो थानों में सीमा विवाद के चलते शव काफी देर तक वैसे ही पड़ा। बाद में जिगना पुलिस ने शव की शिनाख्त कराकर परिजनों को सूचना दी। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से गिरने से मौत होने का लग रहा है।
सोमवार सुबह बरीदुबे गांव के पास रेलवे ट्रैक के पास युवक का शव पड़ा था। लोगों की सूचना पर पहुंची जिगना पुलिस ने मामला विंध्याचल क्षेत्र का बताते हुए विंध्याचल पुलिस को सूचना दे दी। विंध्याचल पुलिस ने भी घटनास्थल क्षेत्र से बाहर बता दिया। बाद में लेखपाल अमित कुमार ने बरीदुबे गांव को जिगना थाना क्षेत्र में बताया।
इसके बाद जिगना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवक की जेब से मिले आधार कार्ड के अनुसार मृत युवक संदीप कुमार मिश्रा(28) निवासी गुरदत्त नगर पाइप लाइन रोड रस्सीवाला कंपाउंड कुर्ला बेस्ट मुंबई था। उसके पास एक छोटा मोबाइल टूटा पड़ा था। उसके सिम को दूसरे मोबाइल में लगाकर बात करने पर उसकी शिनाख्त हुई।
संदीप भदोही के हरजुपुर का मूल निवासी है। वह पहले मुंबई में काम करता था। कोविड संक्रमण के बाद घर आ गया था। बुधवार को दर्शन करने मैहर देवी गया था। वहां से लौटते समय किसी तरह उसकी मौत हो गई। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था।
