कानपुर: चकेरी के बुजुर्ग दंपत्ति के बेटे और बहू मंगलवार को तीन दिन बाद जेल से छूट गये। पुलिस आयुक्त ने दोनों से मुलाकात करके रिश्तों की अहमियत समझाई। इस पर दोनों ने भविष्य में अपने बुजुर्ग माता पिता से रिश्ता सुधारने का वादा किया।
जेल से छूटने के बाद पुलिस आयुक्त असीम अरुण ने दोनों को पुलिस लाइन बुलाया। पुलिस आयुक्त से बेटे और बहू ने घर से अपना सामान दिलाने का आग्रह किया। इस पर पुलिस आयुक्त ने घर से सामान दिलाने का आदेश दिया। करीब आधे घण्टे तक पुलिस आयुक्त ने दोनों की काउंसिलिंग की और उनसे कहा कि धीरे-धीरे अपना रिश्ता माता पिता से सुधारने को कहा।
गौरतलब है कि चकेरी के एक बुजुर्ग दम्पती ने पुलिस आयुक्त से बीते शुक्रवार को मिलकर बेटे व बहू द्वारा मारपीट करने की शिकायत की थी। इस पर पुलिस आयुक्त ने बुजुर्गों के साथ उनके घर जाकर बेटे बहू पर क़ानूनी कार्रवाई की थी और बुजुर्ग दम्पती को उनके घर में सुरक्षित किया था।
