Wed, 04 Aug 2021
कानपुर देहात के राजपुर में यमुना नदी के जलस्तर में सोमवार की रात को लगभग एक मीटर की वृद्धि हो गई। पिचौरा, महेशपुर व बैजामऊ बांगर गांव के नजदीक पानी पहुंच गया। मंगलवार सुबह एसडीएम सिकंदरा ने ने निरीक्षण किया।
हथिनी कुंड बांध से पानी यमुना में छोड़े जाने से जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसकी वजह से नदी के किनारे पर बसे गांवों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है। बाढ़ की आशंका के चलते तहसील प्रशासन ने यमुना नदी की तलहटी पर बसे गांवों में सतर्कता बढ़ाई है। जलस्तर बढ़ने की जानकारी पर मंगलवार सुबह एसडीएम रमेश चंद्र यादव ने राजस्व टीमों के साथ तीनों गांवों का निरीक्षण किया। यमुना में बढ़े जलस्तर को देखा और निगरानी के लिए लगाए गई राजस्व कर्मियों से जानकारी ली।
ग्रामीणों ने एसडीएम को बताया कि बारिश के बाद से यमुना नदी में सामान्य से तीन मीटर जलस्तर बढ़ गया है। तलहटी पर बसे अमराहट, पिचौरा, गौरीरतन बांगर, जैसलपुर महदेवा, महेशपुर व बेहमई गांव प्रभावित होने की आशंका है। इन तीनों गांवों में बाढ़ चौकी को सतर्क किया गया है। एसडीएम ने बाढ़ नियंत्रण व सिंचाई विभाग के अफसरों से वार्ता कर बढ़े जलस्तर की जानकारी ली। एसडीएम ने बताया कि छह बाढ़ चौकियां सक्रिय हैं। 18 नावों की व्यवस्था कर ली गई है। लेखपाल लगातार निगरानी कर रहे हैं।
